The Lallantop

एकनाथ शिंदे बनेंगे महाराष्ट्र के सीएम? इस सवाल पर शरद पवार ने शिवसेना को क्या संदेश दे दिया?

शरद पवार ने महाराष्ट्र का सीएम बदलने को लेकर गेंद शिवसेना के पाले में डाल दी है

Advertisement
post-main-image
शरद पवार (फोटो: आजतक)

महाराष्ट्र (Maharashtra) में आए राजनीतिक संकट पर एनसीपी (NCP) के अध्यक्ष शरद पवार (Sharad Pawar) ने कहा है कि एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) की इच्छा सीएम बनने की है, ऐसी जानकारी उन्हें नहीं है. पवार के मुताबिक ये शिवसेना का आंतरिक मसला है और अगर महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बदलना है, तो ये शिवसेना ही तय करे.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आजतक के आशुतोष मिश्रा की रिपोर्ट के मुताबिक शरद पवार ने आगे कहा कि अगर शिवसेना महाराष्ट्र सरकार के नेतृत्व में बदलाव करती है तो भी एनसीपी उसे सपोर्ट करेगी. हालांकि, उन्होंने आगे ये भी जोड़ा कि फिलहाल नेतृत्व में किसी तरह के बदलाव की आवश्यकता नहीं नजर आती है, क्योंकि उद्धव ठाकरे बेहतर नेतृत्व दे रहे हैं.

‘कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना साथ हैं’

मंगलवार, 21 जून को शरद पवार ने मुंबई में मीडिया से बातचीत के दौरान महाराष्ट्र सरकार पर किसी तरह के संकट से इनकार किया. उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे इस मसले को जरूर हैंडल कर लेंगे. और सरकार बचाने का कोई न कोई रास्ता निकल आएगा.

Advertisement

इस दौरान एनसीपी के मुखिया ने ये भी साफ़ किया कि शिवसेना के साथ गठबंधन में कोई टूट-फूट नहीं हुई है. उनके मुताबिक कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना तीनों ही साथ हैं.

शरद पवार ने गठबंधन टूटने से जुड़े सवालों पर ये भी कहा,

तीनों पार्टी में जो आपसी समझ है, उसमें शिवसेना के पास मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी है, डिप्टी सीएम एनसीपी का है और बाकी कई मंत्रालय कांग्रेस के पास हैं.

Advertisement
MLC चुनाव और महाराष्ट्र में सियासी संकट शुरू!

शरद पवार से मीडिया ने राज्य सभा चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग को लेकर भी सवाल किया. इस पर उन्होंने कहा,

चुनाव में क्रॉस वोटिंग होती है और यह कोई आज की बात नहीं है. पिछले 50 सालों में मैंने देखा है कि क्रॉस वोटिंग होने के बावजूद भी सरकार चलती है. जो कुछ महाराष्ट्र में हुआ, यह पिछले दो-ढाई साल में तीसरी बार है. मुझे याद है, जब उद्धव ठाकरे जी की सरकार बनी. इससे पहले हमारे कुछ विधायकों को हरियाणा और गुड़गांव में रखा गया था. लेकिन, बाद में वह वहां से निकल कर वापस आ गए और हमने सरकार बनाई.

मीडिया से बातचीत के अंत में एनसीपी के मुखिया ने ये भी कहा कि वे वापस जाकर सभी साथियों से बातचीत करेंगे कि आखिर ऐसा क्यों हुआ और ऐसा ना हो इस पर भी ध्यान देंगे.

बता दें कि महाराष्ट्र में उद्धव सरकार पर खतरा मंडरा रहा है. सोमवार, २० जून को हुए MLC चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद से राज्य सरकार कैबिनेट मंत्री और शिवसेना के सीनियर नेता एकनाथ शिंदे 25 अन्य विधायकों के साथ गुजरात के सूरत में हैं. शिंदे का दावा है कि उनको इन सभी विधायकों का समर्थन हासिल है. उधर, खबर है कि शिवसेना ने बड़ा फैसला लेते हुए एकनाथ शिंदे को विधायक दल के नेता के पद से हटा दिया है.
 

Advertisement