Irrfan Khan की मृत्यु पर क्रिकेटर्स, एथलीट्स ने शोक जाहिर किया (इंडिया टुडे फोटो)
दिग्गज एक्टर इरफ़ान नहीं रहे. लंबी बीमारी के बाद 53 साल की उम्र में उनका निधन हो गया. इरफ़ान लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे. 28 अप्रैल, मंगलवार को कोलोन इन्फेक्शन के चलते उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में एडमिट किया गया था. इरफ़ान ने 29 अप्रैल की सुबह अंतिम सांस ली. उनके जाने पर भारतीय क्रिकेटर्स, एथलीट्स ने शोक व्यक्त किया है. सचिन तेंडुलकर ने लिखा,
इरफ़ान खान की देहांत की ख़बर सुनकर दुखी हूं. वह मेरे पसंदीदा अभिनेताओं में से एक थे. मैंने उनकी लगभग सारी फिल्में देखी हैं. मेरे द्वारा देखी गई उनकी आखिरी फिल्म 'अंग्रेज़ी मीडियम' थी. उनके लिए एक्टिंग करना बेहद आसान था, वह कमाल के थे. उनकी आत्मा को शांति मिले. उनके प्रियजनों के प्रति संवेदना.
इंडियन क्रिकेट टीम के कैप्टन विराट कोहली ने इरफ़ान के लिए ट्वीट किया,
इरफ़ान खान के देहांत की ख़बर सुनकर दुखी हूं. वह बेहद प्रतिभाशाली थे और उन्होंने अपनी बहुमुखी प्रतिभा से सबके दिल को छू लिया. भगवान उनकी आत्मा को शांति दें.
पूर्व विकेटकीपर दीपदास गुप्ता ने इरफ़ान के एक वीडियो के साथ लिखा,
जैसा कि मेरी पत्नी कहती है- काश, RIP का मतलब होता- हो सके तो लौट आओ.
इंडियन क्रिकेट टीम के वाइस कैप्टन रोहित शर्मा ने भी इरफ़ान को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने लिखा,
शांति के साथ आराम करिए इरफ़ान खान. शानदार एक्टर, इंडस्ट्री में अपनी आभा और भाग्य बनाया. भगवान उनके परिवार को ताकत दें.
इंडियन फुटबॉल टीम के ऑफिशल हैंडल ने ट्वीट किया,
हम इरफ़ान खान के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त करते हैं, जिन्होंने अपने सुंदर अभिनय से सभी को प्रभावित किया. RIP
रेसलर बजरंग पुनिया ने लिखा,
'पान सिंह तोमर', 'हिंदी मीडियम', 'इंग्लिश मीडियम' वो फ़िल्म हैं, जो आज भी देखें तो मजा बांध देती हैं. किरदार एक केवल ‘ इरफान खान ‘ बेहद दुख है आपके जाने का. फ़िल्म जगत को एक बड़ी क्षति हुई है. भगवान आपकी आत्मा को शांति दें.
बैडमिंटन प्लेयर साइना नेहवाल ने इरफ़ान के साथ अपनी फोटो ट्वीट कर लिखा,
एक ऐड शूट के दौरान लेज़ेंड के साथ... शानदार यादें सर.
महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल ने लिखा,
इरफ़ान खान के असामयिक निधन के बारे में जानकर दुखी हूं. एक बेहतरीन अदाकार, जो बेहद जल्दी चला गया.
दुनिया के नंबर एक बॉक्सर अमित पंघाल ने ट्वीट किया,
अपनी कला के बलबूते हमारे दिलों पर छाप छोड़ने वाले इरफान जी को शत शत नमन, भगवान उनके परिवार को ये दुःख सहने के शक्ति दे। #IrfanKhan
टेबल टेनिस प्लेयर मनिका बत्रा ने भी इरफ़ान की मृत्यु पर शोक जताया. बत्रा ने ट्वीट किया,
अलौकिक अभिनेता इरफ़ान खान के असामयिक निधन की बात जानकर दुखी हूं. मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं. उनकी आत्मा को शांति मिले.
महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने लिखा,
इरफ़ान खान की अचानक हुई मौत से दुखी और हैरान हूं. हमारे वक्त के सबसे टैलेंटेड और बहुमुखी एक्टर्स में से एक. मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं. उनकी आत्मा को शांति मिले.
इरफ़ान का अंतिम संस्कार वर्सोवा स्थित कब्रिस्तान में किया गया. इस दौरान उनके परिवार वाले और क़रीबी मित्र मौजूद रहे.
मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती इरफ़ान का निधन