जयपुर-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस ट्रेन में फायरिंग करने का आरोपी RPF जवान चेतन सिंह फिलहाल रेलवे पुलिस की कस्टडी में है. मामले की जांच के लिए उससे पूछताछ की जा रही है. लेकिन, बताया जा रहा है कि वो जांच में सहयोग नहीं कर रहा है. जब उससे घटना को लेकर सवाल किए गए तो उसने कुछ और ही जवाब दिए.
ट्रेन में गोलियां बरसाने वाला RPF जवान हिरासत में लगा रहा नारे, पूछताछ में क्या बताया?
गोली कांड के आरोपी चेतन सिंह को सात दिन की रिमांड पर भेजा गया है


1 अगस्त को RPF जवान चेतन को मुंबई के बोरीवली की एक अदालत में पेश किया गया. इस दौरान पुलिस ने आरोपी की 14 दिन की कस्टडी मांगी. हालांकि, अदालत ने पुलिस को आरोपी की 7 दिन की हिरासत ही दी.
आरोपी चेतन सिंह से पूछताछ कर रहे पुलिस अधिकारियों ने इंडिया टुडे को बताया कि वो जांच में सहयोग नहीं कर रहा है. अधिकारियों ने कहा कि जब पुलिस ने गोलीबारी से जुड़े कोई भी सवाल पूछे तो आरोपी ने घटना से जुड़े जवाब ही नहीं दिए. इस दौरान उसने नारे भी लगाए.
पुलिस सूत्रों ने बताया है कि ट्रेन में गोलीबारी की घटना को लेकर अब तक 15 से ज्यादा लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं. इनमें पुलिस अधिकारियों और यात्रियों के बयान भी शामिल हैं.
चलती ट्रेन में हुआ क्या था?ट्रेन नंबर 12956. जयपुर-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस. आजतक के दिव्येश सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक 31 जुलाई की सुबह-सुबह 5 बजे से 5:15 के बीच चलती ट्रेन में गोलीबारी हुई. आरोप है कि ट्रेन में ड्यूटी पर तैनात 30 साल के RPF कॉन्स्टेबल चेतन सिंह ने फायरिंग की थी. ट्रेन तब वापी और बोरीवली रेलवे स्टेशन के बीच दौड़ रही थी. आरोपी चेतन सिंह ने B5 कोच में अपने साथ ड्यूटी पर तैनात अपने सीनियर ASI टीकाराम पर गोली चलाई. फिर उसी कोच में एक यात्री पर भी गोली चला दी. इसके बाद आरोपी पेंट्रीकार से आगे बढ़ा और वहां तीसरे व्यक्ति पर गोली चलाई. फिर पेंट्रीकार के आगे S6 डब्बे में चौथे व्यक्ति को गोली मारी.
ये भी पढ़ें- ट्रेन में 4 हत्याएं करने वाले RPF जवान चेतन सिंह का ट्रैक रिकॉर्ड सामने आया
ASI टीकाराम मीणा के अलावा मरने वाले बाकी तीन व्यक्तियों के नाम सैयद सैफुल्लाह, अब्दुल कादिर और असगर अब्बास शेख बताए गए हैं. अब ये जांच का विषय है कि टीकाराम के अलावा बाकी सभी मृतकों का मुस्लिम होना महज एक संयोग है या ये हेट क्राइम में किया गया हत्याकांड.
वीडियो: चलती ट्रेन में 4 हत्याएं करने वाले RPF जवान का वीडियो वायरल, मोदी-योदी का नाम लेकर क्या कहा?


















