हमारे देश में स्कूल को भी मंदिर माना जाता है. ‘विद्या का मंदिर’. लेकिन इन्हीं विद्या के मंदिरों में कभी छात्राओं, तो कभी महिलाकर्मियों के यौन शोषण के मामले सामने आते हैं. झारखंड के रांची में भी ऐसी एक और घटना हुई है. आजतक की खबर के मुताबिक यहां के DAV कपिलदेव स्कूल के प्रिंसिपल पर एक महिलाकर्मी का यौन शोषण करने का आरोप लगा है. प्रिंसिपल का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें वो बेहद बेशर्मी से महिलाकर्मी से सेक्शुअल डिमांड करता दिख रहा है.
'किस करने दो ना, फिर हट जाएंगे', रांची के स्कूल प्रिंसिपल की भद्दी बातें शर्मसार कर देंगी!
यौन शोषण पीड़िता ने स्कूल प्रिंसिपल का वीडियो रिकॉर्ड कर खोली पोल


क्या है मामला?
स्कूल में कथित रूप से यौन शोषण का शिकार हुई महिला ने अरगोड़ा थाना में एफआईआर दर्ज कराई है. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक FIR में कहा गया है कि स्कूल के प्रिंसिपल और जोन के RD मनोज सिन्हा पीड़िता पर लगातार शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाल रहे थे.
एफआईआर के मुताबिक पीड़ित महिलाकर्मी 22 जुलाई 2019 से कॉन्ट्रैक्ट पर स्कूल में काम करती है. उसने जानकारी देते हुए बताया है,
‘शुरू से प्रिंसिपल का व्यवहार सही नहीं था. वो ब्लड प्रेशर चेक करने के बहाने अपने चेंबर में बुलाते थे और अश्लील हरकत करते थे.’
पीड़िता ने ये भी आरोप लगाया कि जब उसने आरोपी प्रिंसिपल की बातें नहीं मानीं तो जहां-तहां ड्यूटी लगा कर उसे परेशान किया गया.
बातचीत का ऑडियो दंग कर देगा
आजतक को वो वीडियो भी मिला है जिसे महिला ने रिकॉर्ड किया है. इसमें पीड़िता से आरोपी प्रिंसिपल की डिमांड सुनकर आप दंग रह जाएंगे. बातचीत कुछ यूं है,
महिला: सर आप ऐसा करने को बोलते रहते हैं.
प्रिंसिपल: जब मैं बोल रहा हूं, मुझे करने दो ना. मुझे अपनी इज्जत प्यारी नहीं है क्या… तुमको हम क्या बोले अभी, खाली किस करने दो ना. हट जाएंगे उसके बाद कुछ नहीं करेंगे.
महिला: सर नहीं सर, स्कूल में ये सब अच्छा नहीं लगता.
प्रिंसिपल: किस कर लेने दो ना क्या दिक्कत है. फिर हट जाएंगे, कुछ नहीं करेंगे.
महिला: सर नहीं, अच्छा नहीं लगता है. आप उस दिन दूसरे रूम में भी…
प्रिंसिपल: सुनो ना, कोई नहीं सुनता है. अभी आ जाते हैं 5 मिनट में. प्लीज, आ रहे हैं.
महिला: नहीं, जबर्दस्ती अच्छा नहीं लगता.
प्रिंसिपल: नहीं हम आ रहे हैं, आ रहे हैं. कोई दिक्कत नहीं, आ रहे हैं.
महिला: सर हमको नहीं करना है.
प्रिंसिपल: हमको करना है.
FIR में ये भी बताया गया है कि प्रिंसिपल मनोज कुमार सिन्हा स्कूल में काम करने वाली बाकी महिलाओं और टीचिंग स्टाफ के साथ भी इस तरह की हरकत करने की कोशिश करते थे. इसके चलते कुछ महिलाकर्मियों ने स्कूल भी छोड़ दिया.
रिपोर्ट के मुताबिक पीड़िता ने अपने कपड़ों में मोबाइल छिपाकर प्रिंसिपल का वीडियो बनाया और सबूत के साथ थाने में शिकायत दर्ज की. सोशल मीडिया पर मनोज सिन्हा के व्हाट्सएप चैट भी वायरल हो रहे हैं. आजतक ने बताया कि उनका मोबाइल नंबर स्विच ऑफ आ रहा है जिसके चलते उनसे संपर्क नहीं हो सका है. उधर पुलिस मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन में जुट गई है.
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक मनोज सिन्हा झारखंड जोन एफ के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी हैं. इस जोन में रांची, जमशेदपुर और खूंटी जिले के 10 महत्वपूर्ण डीएवी स्कूल आते हैं. सिन्हा को 30 साल की टीचिंग का अनुभव है. वो मूल रूप से बिहार के जमुई जिले के रहने वाले हैं. 1992 में उन्होंने डीएवी में बतौर टीचर जॉइन किया था. वहीं 3 जनवरी, 2018 से सिन्हा डीएवी कपिलदेव कडरू के प्रिंसिपल हैं.
वीडियो- ज्ञानवापी पर भड़के ओवैसी ने शिवलिंग और फव्वारे पर क्या कहा?


















