The Lallantop

क्या एक और पंजाबी सिंगर गैंगवार का शिकार हो सकता है?

सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद एक और पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख को लेकर आशंकाएं जताई जा रही हैं.

Advertisement
post-main-image
बाएं- सिद्धू मूसेवाला, दाएं- मनकीरत औलख (फोटो- इंडिया टुडे)

सिद्धू मूसेवाला की हत्या (Sidhu Moosewala Murder) के बाद अब एक और सिंगर का नाम खबरों में छाया हुआ है. मनकीरत औलख (Mankirt Aulakh). आजतक की एक रिपोर्ट के मुताबिक सिद्धू मूसेवाला की हत्या की साजिश में पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख के मैनेजर सचिन का नाम भी शामिल होने का पता चला है. सचिन उन आठ संदिग्धों में शामिल हैं जो इस हत्या की जांच के घेरे में हैं. अब चर्चा है कि क्या मनकीरत औलख भी पंजाब की गैंगवार का अगला शिकार हो सकते हैं. कुछ समय पहले पंजाब के एक चर्चित आपराधिक गैंग ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी थी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
मनकीरत औलख की चर्चा क्यों?

मनकीरत औलख पंजाब के जाने माने सिंगर हैं. इकोनॉमिक टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया है कि मनकीरत औलख को अप्रैल में दविंदर बंबीहा नाम के गैंग से धमकियां मिली थीं. उसके बाद उन्होंने अपनी सुरक्षा बढ़ाने को कहा था. एक फेसबुक पोस्ट में औलख पर आरोप लगाया गया है कि उनके लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कनेक्शन है. ऐसे में सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के चलते पंजाब पुलिस को शक है कि दविंदर बंबीहा गैंग की हिटलिस्ट में मनकीरत औलख शामिल हो सकते हैं.

आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस सूत्रों का कहना है कि मूसेवाला की हत्या का मामला विक्रमजीत सिंह मिद्दुखेड़ा उर्फ विक्की के मर्डर से जुड़ा हुआ है. पिछले साल अगस्त में मारे गए विक्की मिद्दुखेड़ा अकाली दल के नेता और औलख के करीबी थे. विक्की, लॉरेंस बिश्नोई का करीबी भी था. मौजूदा वक्त में लॉरेंस बिश्नोई की दविंदर बंबीहा गैंग से अदावत चल रही है. 

Advertisement

बिश्नोई गैंग की तरफ से फेसबुक पर लिखा गया है कि वो मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी लेता है. पोस्ट के मुताबिक लॉरेंस बिश्नोई की तरफ से कहा गया है कि मूसेवाला ने उसके भाई विक्की की हत्या में मदद की थी जिसका बदला उनकी हत्या करके लिया गया है. इसके बाद अंदेशा जताया जा रहा है कि अब दविंदर बंबीहा गैंग के निशाने पर मनकीरत औलख हो सकते हैं.

देखें वीडियो- सिद्धू मूसेवाला की हत्या के पीछे कौन, ये है लॉरेंस बिश्नोई की कहानी

Advertisement
Advertisement