पंजाब पुलिस ने मुख्यमंत्री भगवंत मान (CM Bhagwant Mann) के घर से कुछ दूरी पर एक जिंदा बम शेल बरामद किया है. चंडीगढ़ के पास एक आम के बगीचे में यह शेल मिला है. पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है. जानकारी मिलने के तुरंत बाद एक बम निरोधक दस्ते को भेजा गया है. जिस जगह पर यह बम शेल मिला है वहां से कुछ दूरी पर हेलीपैड है. पंजाब और हरियाणा के मुख्यमंत्री इस हेलीपैड का इस्तेमाल करते हैं. पंजाब पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
पंजाब: CM भगवंत मान के घर से कुछ दूरी पर मिला जिंदा बम शेल
डीएसपी ने बताया कि इलाके को सील कर दिया गया है.


द ट्रिब्यून की खबर के मुताबिक, कांसल और नयागांव सीमा के पास बम शेल मिलने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को मिली. ये जगह सीएम भगवंत मान के सरकारी आवास से महज दो किलोमीटर दूर है. एरिया पुलिस, बम निरोधक दस्ते और आपदा प्रबंधन की एक टीम को वहां भेजा गया है. डीएसपी गुरमुख सिंह ने बताया कि इलाके को सील कर दिया गया है. साथ ही सेना से भी एक टीम भेजने का अनुरोध किया गया है.
चंडीगढ़ पुलिस के सिविल डिफेंस नोडल ऑफिसर कुलदीप कोहली ने इस मामले में मीडिया को जानकारी दी. उन्होंने बताया,
"हमें विस्फोटक की तरह किसी संदिग्ध सामान मिलने की सूचना मिली था. जांच करने पर पता चला कि वो जिंदा बम शेल है. हमने बरामद करने के बाद जांच शुरू कर दी है. हम पता कर रहे हैं कि ये यहां कैसे पहुंचा. हमने इलाके को भी सील कर दिया."
जानकारी के मुताबिक यहां से हरियाणा और पंजाब के मुख्यमंत्री का हेलीपैड सिर्फ एक किलोमीटर दूर है.
सीमा के पास ड्रोन बरामदइससे पहले पंजाब पुलिस ने दावा किया था 2 जनवरी को गुरदासपुर बॉर्डर के पास टूटा हुआ पाकिस्तानी ड्रोन बरामद किया गया. साथ में करीब एक किलोग्राम हेरोइन भी मिला. ये बरामदगी अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब दो किलोमीटर दूर कोसोवल बॉर्डर आउटपोस्ट के पास हुई थी. ड्रोन के बारे में इलाके के एक किसान ने बीएसएफ को जानकारी दी.
एक जनवरी की रात भी BSF जवानों ने गुरदासपुर के कलामपुर बॉर्डर आउटपोस्ट के पास पाकिस्तानी ड्रोन को स्पॉट किया था. करीब 20 राउंड फायरिंग के बाद ड्रोन पाकिस्तान की तरफ वापस चला गया. BSF ने बताया कि बीते तीन दिनों में तीसरी बार है जब सीमा पर पाकिस्तानी ड्रोन को स्पॉट किया गया है.
वीडियो: अरविंद केजरीवाल के कहने पर पंजाब में भगवंत मान अब क्या करने जा रहे?




















