स्वतंत्रता दिवस से पहले पंजाब पुलिस ने एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है. रविवार, 13 अगस्त को पुलिस ने तीन आतंकियों को अरेस्ट किया है. इनके पास से कई हथियार मिले हैं. बताया जाता है कि इनकी मंशा पंजाब में शांति और सौहार्द के माहौल को बिगाड़ने की थी. पंजाब पुलिस से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक पकड़े गए आतंकियों को विदेश में बैठे खालिस्तान समर्थक आतंकी सीधे निर्देश दे रहे थे. इसमें उन्हें कुछ गैंगस्टर्स का भी पूरा सहयोग मिल रहा था.
15 अगस्त से पहले आतंकी मॉड्यूल का खुलासा, 3 अरेस्ट, कनाडा बेस्ड खालिस्तानियों ने क्या कहकर भेजा?
जो पकड़े गए हैं उनके तार सीधे कनाडा और चेक रिपब्लिक से जुड़े हुए थे


पंजाब पुलिस के मुखिया गौरव यादव ने मामले की जानकारी दी है. उन्होंने एक ट्वीट में लिखा,
‘पंजाब पुलिस ने की काउंटर इंटेलिजेंस टीम और तरनतारन पुलिस के संयुक्त अभियान में एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया है. पुलिस ने चेक रिपब्लिक के गुरदेव सिंह से जुड़े तीन लोगों को अरेस्ट किया है. गुरदेव सिंह कनाडा स्थित आतंकवादी लखबीर सिंह लांडा और सतबीर सिंह सत्ता का प्रमुख गुर्गा है. ये दोनों सरहाली पुलिस स्टेशन पर आरपीजी हमले और पंजाब में हुईं कई हत्याओं की साजिशों में शामिल रहे हैं.’
पंजाब पुलिस के मुखिया गौरव यादव ने आगे लिखा,
'इन लोगों के पास से नकदी समेत 3 पिस्टल बरामद की गई हैं. आरोपियों के अन्य लिंक्स का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है. राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान के विजन के अनुसार पंजाब पुलिस राज्य में शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है.'
पंजाब पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए तीनों लोग पंजाब के ही रहने वाले हैं. इन लोगों की पहचान तरनतारन के नूरदी इलाके के रहने वाले अश्मप्रीत सिंह, तरनतारन के सरहाली के रहने वाले प्रदीप सिंह और सुखमन सिंह के रूप में हुई है. शुरुआती पूछताछ में इन्होंने पंजाब में शांति और सौहार्द्र बिगाड़ने की साजिश रचने की बात स्वीकार की है.
वीडियो: तारीख: 15 अगस्त 1947 को कैसे मनाई थी आजादी?
















