The Lallantop

प्रियंका चोपड़ा ने US प्रेसिडेंट से इंडिया के लिए जो मांगा है, मिल जाए तो खेल हो जाए

जो बाइडेन ने कहा वो भारत के साथ खड़े हैं.

Advertisement
post-main-image
प्रियंका चोपड़ा ने अमेरिका के राष्ट्रपति से लगाई भारत की मदद की गुहार.
प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) इस वक़्त सोशल मीडिया पर एकदम एक्टिव मोड में हैं. प्रियंका विदेश में बैठकर भी भारत में हर दिन विक्राल होती कोरोना महामारी से जूझते लोगों की मदद करने में लगीं हैं. 26 अप्रैल को ट्विटर पर प्रियंका ने अमेरिका के प्रेसिडेंट जो बाइडेन (Joe Biden), वाइट हाउस चीफ़ ऑफ़ स्टाफ रोनाल्ड क्लेन, यूएस सेक्रेटरी ऑफ़ स्टेट अंटोनी ब्लिंकेंन और वाइट हाउस नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर जेक सुलिवन (Jake Sullivan) को टैग करते हुए भारत की मदद करने की गुहार लगाई. उन्होंने ट्वीट में लिखा,

मेरा ये सुनकर दिल टूट रहा है कि भारत इस वक़्त कोविड 19 से इतनी बुरी तरह ग्रस्त है और अमेरिका ने अपनी ज़रूरत से कहीं ज्यादा 50 करोड़ वैक्सीन का आर्डर भारत को दिया है. विश्वभर में एस्ट्राज़ेनेका बांटने का शुक्रिया, लेकिन मेरे देश में इस वक़्त स्थिति बहुत ज्यादा नाज़ुक है. क्या आप तत्काल प्रभाव से भारत के साथ वैक्सीन बांट सकते हैं.

प्रियंका को इस ट्वीट के बाद कुछ लोगों से सराहना मिली. तो कुछ लोगों ने प्रियंका के इतनी लेट रिस्पॉन्स देने के लिए आलोचना भी की. उन्होंने कहा प्रियंका को ये बात 2 हफ्ते पहले कहनी चाहिए थी. हालांकि इस बीच यूएस प्रेसिडेंट जो बाइडेन ने भारत की मदद की घोषणा अपने ट्विटर हैंडल से की. प्रेसिडेंट बाइडेन ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करने की जानकारी देते हुए लिखा,
"आज मैंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की. और उन्हें इस कोविड19 की आपातकालीन स्थिति में हर संभव मदद और साधन देने का भरोसा दिलाया है. भारत हमारे साथ खड़ा था. हम भारत के साथ खड़े रहेंगे."  
  अमेरिका के अलावा जर्मनी, यूके, यूएई जैसे देश भी संकट की इस घड़ी में भारत की मदद को तैयार खड़े हैं. आपको बताते चलें भारत में कोरोना की स्थिति हर गुजरते दिन के साथ बद से बदतर होती जा रही है. मंगलवार 27 अप्रैल को सुबह मिले आंकड़ों के मुताबिक भारत में बीते 24 घंटे में कोरोना के 3.23 लाख नए केस सामने आए जबकि इस दौरान 2700 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई.

Advertisement
Advertisement