The Lallantop

PM मोदी ने 2024 में भी झंडा फहराने की बात कही, खरगे ने ऐसा जवाब दिया, Video वायरल हो गया

पीएम मोदी ने लालकिले पर 2024 में भी झंडा फहराने का दावा किया, इसपर कई लोगों ने टिप्पणी की है

Advertisement
post-main-image
पीएम के बयान पर विपक्ष का पलटवार (PTI)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 77वें स्वतंत्रता दिवस पर देश को संबोधित किया. अपने संबोधन में पीएम मोदी ने बिना नाम लिए विपक्षी पार्टियों पर खूब हमला बोला. अब विपक्षी पार्टियों की तरफ से भी पीएम के बयान पर पलटवार हुआ है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
पीएम ने विपक्ष के लिए क्या-क्या कहा?

लालकिले पर अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने विपक्ष पर परिवारवाद का आरोप लगाया. उनका कहना था,

‘आज परिवारवाद और तुष्टीकरण ने हमारे देश को बर्बाद कर दिया है. किसी राजनीतिक दल का प्रभारी केवल एक ही परिवार कैसे हो सकता है? उनके लिए उनका जीवन मंत्र है- परिवार की पार्टी, परिवार द्वारा और परिवार के लिए. लोकतंत्र की मजबूती के लिए परिवारवाद से मुक्ति जरूरी है.’

Advertisement

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में अगले लोकसभा चुनाव में भी जीत की घोषणा की.

उन्होंने कहा,

'साल 2014 में मैंने परिवर्तन लाने का वादा किया था. आप देशवासियों ने मुझपर भरोसा किया. मैंने आपसे किए वादे को विश्वास में बदल दिया. 2019 में परफॉर्मेंस के आधार पर आपने फिर मुझे आर्शीवाद दिया. परिवर्तन ने मुझे दोबारा मौका दिया. मैं आपका हर सपना पूरा करूंगा. मैं अगले 15 अगस्त (15 अगस्त 2024) को फिर आऊंगा.'

Advertisement
फिर विपक्ष ने भी जमकर जवाब दिए?

प्रधानमंत्री के इन बयानों को लेकर विपक्षी पार्टियां उन पर हमलावर हो गई हैं. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तंज कसते हुए कहा कि पीएम मोदी अगली बार अपने घर पर झंडा फहराएंगे.

उन्होंने कहा,

''हर इंसान यही कहता है कि हम बार-बार जीतकर आएंगे. लेकिन आपको जिताना या हराना जनता के हाथ में है, मतदाताओं के हाथ में है. 2023 में ये कहना 'मैं 2024 में एक बार फिर झंडा फहराऊंगा' ये अहंकार है. अगर वो स्वतंत्रता दिवस पर भी विपक्ष पर टिप्पणी करते रहेंगे तो देश का निर्माण कैसे करेंगे? वो अगले साल एक बार फिर झंडा फहराएंगे, लेकिन वो अपने घर पर फहराएंगे''

वहीं कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने भी प्रधानमंत्री के बयान पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा,

''अगर किसी नेता या प्रधानमंत्री को 10 साल बाद भी ये नहीं पता कि राष्ट्रीय दिवस और राजनीतिक कार्यक्रम के बीच क्या अंतर होता है, तो ये बहुत ही ज्यादा दुख की बात है.''

प्रधानमंत्री के अगले साल झंडा फहराने वाले बयान को लेकर कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल का भी बयान सामने आया है. उन्होंने कहा,

''2024 के चुनाव में देश की जनता तय करेगी कि कौन वापस आ रहा है और कौन नहीं. हमें कम से कम 2024 तक इंतजार करना चाहिए''

वहीं प्रधानमंत्री के वंशवाद वाले बयान को लेकर NCP लीडर सुप्रिया सुले का भी बयान सामने आया है.

उन्होंने कहा,

''उन्होंने (पीएम मोदी ने) भ्रष्टाचार और वंशवाद के बारे में बात की, लेकिन परिवारवाद तो हर पार्टी में है. मुझे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का संसद में दिया गया बयान याद है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर आप किसी की तरफ एक उंगली करते हैं तो बाकी तीन उंगलियां आपकी तरफ भी इशारा करती हैं.''

बताते चलें कि साल 2024 में लोकसभा चुनाव होने वाले हैं. ऐसे में अपने इस कार्यकाल में पीएम मोदी ने आखिरी बार लाल किले से झंडा फहराया है. अब देखना होगा कि अगले लोकसभा चुनाव में देश की जनता किसे चुनती है?

वीडियो: लाल किले से PM नरेंद्र मोदी ने कहा, ये भारत ना रुकता है ना थकता

Advertisement