अपनी अमेरिका यात्रा के पहले दिन पीएम मोदी अमेरिकी वाइस प्रेसिडेंट कमला हैरिस से मिले.
पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने अमेरिका पहुंचने के बाद वाइस प्रेसिडेंट कमला हैरिस (Kamala Harris) से मुलाकात की. इस मुलाकात में पाकिस्तान का जिक्र भी आया. भारत की तरफ से नहीं बल्कि अमेरिकी वाइस प्रेसिडेंट कमला हैरिस की तरफ से. उन्होंने खुद-ब-खुद पाकिस्तान को आतंकवाद के लिए जिम्मेदार बताया. पाकिस्तान ही नहीं, दूसरे कई मुद्दों पर भी मोदी और कमला हैरिस के बीच बातचीत हुई. कमला हैरिस के अलावा पीएम मोदी अपने दौरे के पहले दिन अमेरिकी टेक कंपनी के प्रमुखों से भी मिले. आइए जानते हैं कैसी रहीं ये मीटिंग और इस दौरान क्या-क्या हुआ.
कमला हैरिस ने दी पाकिस्तान को नसीहत
पीएम मोदी के साथ बैठक में जब आतंकवाद का मसला आया, तब कमला हैरिस ने पाकिस्तान के रोल की बात की और एक्शन लेने की जरूरत बताई. विदेश सचिव हर्ष श्रृंगला के मुताबिक, कमला हैरिस ने माना कि पाकिस्तान में आतंकी ग्रुप एक्टिव हैं और इस्लामाबाद को उनके खिलाफ एक्शन लेना ही होगा. हर्ष श्रृंगला ने कहा कि
“आतंकवाद पर अमेरिकी वाइस प्रेसिडेंट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए पाकिस्तान के रोल का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वहां पर आतंकी संगठन सक्रिय हैं. उन्होंने पाकिस्तान से इन आतंकी संगठनों पर एक्शन लेने को कहा जिससे वो अमेरिका और भारत की सुरक्षा को प्रभावित न करें."
बता दें कि अफगानिस्तान से फौज की पूरी तरह वापसी के बाद अमेरिकी राजनीति में पाकिस्तान को लेकर काफी सख्ती दिख रही है. न सिर्फ अमेरिका के सत्ताधारी बल्कि विपक्षी नेताओं ने भी पाकिस्तान पर डबल क्रॉस करने का आरोप लगाया है. अमेरिकी सीनेट में विदेशी मामलों की कमेटी के चेयरमैन बॉब मिनेंडेज ने तो यहां तक कह दिया था कि हमें पाकिस्तान की डबल डीलिंग समझनी चाहिए जिसके तहत उसने तालिबान को सुरक्षित पनाह दे रखी थी. ऐसे में अमेरिकी वाइस प्रेसिडेंट कमला हैरिस का खुद पाकिस्तान को कड़ा मैसेज देना काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. भारत अक्सर पाकिस्तान की धरती पर पनप रहे आतंकवाद को लेकर चिंता जताता रहा है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस तरफ ध्यान देने की मांग करता रहा है. पीएम मोदी और कमला हैरिस की बैठक में अफगानिस्तान के हालात, दुनिया में लोकतंत्र की स्थिति को लेकर भी चर्चा हुई.
कमला हैरिस को भारत आने का न्योता दिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान कमला हैरिस और उनके पति डगलस को भारत आने का न्योता दिया. समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, पीएम मोदी ने कहा,
"अमेरिका की उप राष्ट्रपति के तौर पर आपका चुनाव जरूरी और ऐतिहासिक मौका था. आप दुनियाभर में कई लोगों के लिए प्रेरणा हैं. मुझे भरोसा है कि राष्ट्रपति बाइडेन और आपके नेतृत्व में हमारे द्विपक्षीय संबंध नई ऊंचाइयों को छुएंगे. आपकी यह विजय यात्रा ऐतिहासिक है. भारत के लोग भी चाहेंगे कि भारत में आपकी इस ऐतिहासिक विजय यात्रा को सम्मानित करें, आपका स्वागत करें इसलिए मैं विशेष रूप से आपको भारत आने का निमंत्रण देता हूं."
कोरोना संकट पर सहयोग का जिक्र
कमला हैरिस ने इस बात पर जोर दिया कि भारत और अमेरिका के साथ मिलकर काम करने से दोनों देशों के लोगों पर ही नहीं, बल्कि विश्व पर गहरा असर पड़ेगा. उन्होंने कोविड-19 समेत कई मौकों पर दोनों देशों के बीच नजर आए सहयोग का जिक्र किया. कमला हैरिस ने कहा कि
"कोविड-19 जैसे संकट के समय हमारे देशों ने मिलकर काम किया. महामारी की शुरुआत में भारत अन्य देशों को वैक्सीन पहुंचाने का अहम स्त्रोत था. खुले और मुक्त हिंद-प्रशांत क्षेत्र को लेकर भी हमारा साझा विश्वास महत्वपूर्ण रहा है."
इस दौरान पीएम मोदी ने कमला हैरिस के साथ जून 2021 में हुई बातचीत का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि,
"मुझसे बात करते वक्त आपने जिन शब्दों को चुना, मैं उन्हें हमेशा याद रखूंगा. मैं दिल की गहराइयों से आपका धन्यवाद देना चाहता हूं. एक सच्चे दोस्त की तरह आपने सहयोग और संवेदनशीलता से भरा हुआ संदेश दिया. हमने देखा कि किस तरह अमेरिकी सरकार, कॉर्पोरेट सेक्टर और भारतीय समुदाय हमारी मदद के लिए साथ आया."
कमला हैरिस ने भारत के कोविड-19 वैक्सीन निर्यात को दोबारा शुरू करने के फैसले की भी तारीफ की.
टेक कंपनी के सीईओ से मुलाकात
कमला हैरिस से पहले पीएम मोदी ने अमेरिका की 5 बड़ी टेक कंपनियों के सीईओज़ से मुलाकात की. इनमें शामिल हैं - क्वालकाम (Qualcomm) के सीईओ क्रिस्टानियो आर एमॉन, अडोबी (Adobe) के शांतनु नारायण, फर्स्ट सोलर (First Solar) के मार्क विडमर, जनरल एटॉमिक्स (General Atomics) के विवेक लाल और ब्लैकस्टोन (Blackstone) के स्टीफन ए श्वार्जमैन. वॉशिंगटन डीसी में सबसे पहले पीएम मोदी की क्वालकॉम के सीईओ से मुलाकात हुई. इसके बाद प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बताया कि,
''क्वालकॉम के अध्यक्ष और सीईओ क्रिस्टियानो आर. अमोन और पीएम मोदी के बीच एक प्रोडक्टिव बातचीत हुई. पीएम मोदी ने भारत द्वारा दिए जाने वाले विशाल अवसरों पर चर्चा की. आमोन ने 5जी और डिजिटल इंडिया जैसे क्षेत्रों में भारत के साथ काम करने की इच्छा व्यक्त की.''
सीईओ विवेक लाल, शांतनु नारायण, मार्क विडमर और स्टीफन श्वार्जमैन ने भी पीएम मोदी के साथ हुई मीटिंग को बेहतरीन करार दिया. उन्होंने भारत में अपार संभावनाओं और निवेश के बेहतर माहौल की बात कही. शुक्रवार (24 सितंबर) को पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) की आमने-सामने की मुलाकात होगी. अमेरिका में सत्ता बदलाव के बाद प्रधानमंत्री मोदी और बाइडेन की तीन बार वर्चुअल बात हो चुकी है. हालांकि, आमने सामने की यह पहली मुलाकात होगी.