महादेव ऐप के प्रमोटरों से करोड़ों रुपये लेने के ED के दावों के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने भी भूपेश बघेल पर निशाना साधा है. पीएम मोदी ने 4 नवंबर को छत्तीसगढ़ के दुर्ग में एक चुनावी रैली को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को कई मुद्दों पर घेरा. उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर जनता के पैसे ‘लूटकर’ अपने घर भरने का आरोप लगाया. रैली में ‘महादेव ऐप मनी लॉन्ड्रिंग’ को लेकर उन्होंने सवाल किया कि दुबई में बैठे घोटाले के आरोपियों के साथ कांग्रेस के क्या संबंध हैं.
ED के दावों के बाद अब PM मोदी ने भूपेश बघेल को घेरा, बोले- 'महादेव को भी नहीं छोड़ा'
PM मोदी ने कहा कि कांग्रेस सरकार और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि दुबई में बैठे घोटाले के आरोपियों के साथ उनके क्या संबंध हैं.


दुर्ग भूपेश बघेल का गृह जिला भी है. यहीं पर रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा,
“कांग्रेस सरकार आपको लूटने का कोई मौका नहीं छोड़ रही. इन्होंने तो महादेव के नाम को भी नहीं छोड़ा है. दो दिन पहले ही रायपुर में बहुत बड़ी कार्रवाई हुई है. रुपयों का बहुत बड़ा ढेर मिला है. लोग कह रहे हैं कि ये पैसा सट्टेबाजों का है. जुए का खेल खेलने वालों का है, जो उन्होंने छत्तीसगढ़ के लोगों को लूट के जमा किया है. कांग्रेस नेता लूट के इस पैसे से घर भर रहे हैं.”
ये भी पढ़ें- 'महादेव ऐप वालों से 508 करोड़ रुपये लिए', ED के दावों पर भूपेश बघेल क्या बोले?
PM मोदी ने आगे कहा कि इस पैसे के तार छत्तीसगढ़ के “उन तक” जा रहे हैं. छत्तीसगढ़ के लोगों को मालूम है न कहां तक पहुंच रहे हैं. उन्होंने आगे कहा,
"कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि दुबई में बैठे घोटाले के आरोपियों के साथ उनके क्या संबंध हैं. आखिर क्यों ये पैसा पकड़े जाने के बाद यहां के मुख्यमंत्री बौखला गए हैं. मोदी को तो ये कांग्रेसी दिन-रात गालियां देते हैं लेकिन अब यहां के मुख्यमंत्री देश की जांच एजेंसियों और सुरक्षाबलों को भी गाली दे रहे हैं.
इसके अलावा PM ने कांग्रेस सरकार में हुए कई कथित घोटालों का भी जिक्र किया. प्रधानमंत्री ने दावा किया कि राज्य में BJP की सरकार आने के बाद सभी आरोपियों को जेल में डाला जाएगा.
भूपेश बघेल ने उल्टा सवाल कियाभूपेश बघेल ने भी PM मोदी के बयान पर जवाब दिया. उन्होंने कहा कि वे सीधी लड़ाई लड़ नहीं सकते, इसलिए ED और IT के जरिये ही चुनाव लड़ेंगे. बघेल ने मीडिया को बताया,
“मैं PM से सवाल करता हूं कि दुबई वालों के साथ आपके क्या संबंध हैं. क्यों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो रही है? इसकी जिम्मेदारी भारत सरकार की है. क्यों महादेव ऐप बंद नहीं हुआ. मैं PM से पूछता हूं कि आपकी क्या डील हुई है. डील नहीं हुई तो ऐप बंद क्यों नहीं हुआ.”
CM ने आरोप लगाया कि आरोपियों के साथ PM मोदी और BJP नेताओं का संबंध है इसलिए उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है.
इससे पहले ED के दावों पर बघेल ने कहा था कि एक अनजान व्यक्ति के बयान को आधार बनाकर उन पर 508 करोड़ रुपये लेने का आरोप लगाया गया है. उन्होंने कहा कि ईडी की चालाकी देखिए कि उस व्यक्ति का बयान जाहिर करने के बाद एक छोटे से वाक्य में लिख दिया है कि बयान जांच का विषय है. अगर जांच नहीं हुई है तो एक व्यक्ति के बयान पर प्रेस रिलीज जारी करना न केवल ईडी की नीयत को बताता है बल्कि इसके पीछे केंद्र सरकार की बदनीयती को भी जाहिर करता है.






















