The Lallantop

"खरगे जी को नहीं मिली छतरी"- PM मोदी ने घेरा तो खरगे ने अडानी का जिक्र कर क्या कहा?

PM ने कहा- "कहने को तो खरगे जी कांग्रेस अध्यक्ष हैं, लेकिन पूरी दुनिया समझ रही है कि रिमोट कंट्रोल किसके हाथ में है."

Advertisement
post-main-image
पीएम मोदी (फाइल फोटो: PTI), कांग्रेस महाधिवेशन के दौरान मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी (फोटो: 'ट्विटर)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने कांग्रेस पर कर्नाटक और कर्नाटक के नेताओं का अपमान करने का आरोप लगाया है. पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस में पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ बुरा बर्ताव होता है. उन्होंने छत्तीसगढ़ में हुए कांग्रेस (Congress) के 85वें महाधिवेशन का जिक्र किया. PM मोदी ने कहा कि अधिवेशन के दौरान धूप में छतरी का सौभाग्य खरगे जी को नसीब नहीं हुआ. वहीं पीएम मोदी के छतरी वाले बयान पर मल्लिकार्जुन खरगे ने भी पलटवार किया है. उन्होंने पीएम मोदी पर अडानी को लेकर निशाना साधा. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

पहले ये जान लीजिए कि पीएम मोदी कांग्रेस महाधिवेशन में खरगे के साथ किस तरह के बर्ताव की बात कर रहे थे. अधिवेशन के दौरान तिरंगा फहराते समय मौके पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी सहित अन्य नेता मौजूद थे. इस दौरान सोनिया गांधी के साथ छाता लिए सुरक्षाकर्मी मौजूद था. इसी को लेकर पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा. 

पीएम मोदी ने जनसभा में कहा कि कांग्रेस कर्नाटक के नेताओं का अपमान करती है. उन्होंने कहा,

Advertisement

मैं आपको याद दिलाना चाहता हूं कि कांग्रेस किस तरह कर्नाटक से नफरत करती है. कर्नाटक के नेताओं का अपमान कांग्रेस की पुरानी संस्कृति का हिस्सा है. जिस किसी से भी कांग्रेस के परिवार विशेष को दिक्कत होने लगती है, उसकी कांग्रेस में बेइज्जती शुरू कर दी जाती है. इतिहास गवाह है कि कांग्रेस परिवार के आगे एस निजलिंगप्पा और वीरेंद्र पाटिल जी जैसे नेताओं का अपमान कैसे किया गया था, हर कर्नाटक के लोग जानते हैं. 

पीएम मोदी ने आगे कहा, 

एक बार फिर कांग्रेस के एक विशेष परिवार के आगे कर्नाटक के एक और नेता का अपमान किया गया है. साथियो, इसी धरती (कर्नाटक) के संतान, 50 वर्ष जिनका संसदीय कार्यकाल रहा है. ऐसे श्रीमान मल्लिकार्जुन खरगे जी का, मैं बहुत सम्मान करता हूं. उन्होंने जनता की सेवा में अपने से जो कुछ हुआ, करने का प्रयास किया है. लेकिन उस दिन मैं ये देखकर बहुत दुःखी हो गया. जब कांग्रेस का अभी अधिवेशन चल रहा था छत्तीसगढ़ में. उस कार्यक्रम में सबसे बड़ी आयु के व्यक्ति, राजनीति में सबसे सीनियर, वहां पर खरगे जी मौजूद थे. और वो उस पार्टी के अध्यक्ष थे. धूप थी, जो भी सब खड़े थे, उन सबको धूप लगना बहुत स्वाभाविक था, लेकिन धूप में वो छतरी का सौभाग्य, कांग्रेस के सबसे बड़ी आयु वाले, सबसे सीनियर कांग्रेस के प्रमुख खरगे जी को नसीब नहीं हुआ. बगल में किसी और के लिए छाता लगाया गया था. ये बताता है, कहने को तो खरगे जी कांग्रेस अध्यक्ष हैं, लेकिन कांग्रेस में जिस तरह उनके साथ बर्ताव होता है, वो देखकर पूरी दुनिया समझ रही है कि रिमोट कंट्रोल किसके हाथ में है.

Advertisement
खरगे का पलटवार

हालांकि, खरगे ने इस पर पलटवार करते हुए पीएम मोदी को घेरा. मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट किया,

नरेंद्र मोदी जी, किसकी छतरी की छाया के नीचे आपके 'परम मित्र' ने देश के आकाश से लेकर पाताल तक सब कुछ लूटा? हम तो तिरंगे की छांव में खड़े कांग्रेसी हैं, जिसने 'कंपनी राज' को हराकर देश को स्वतंत्र बनाया, और देश को “कंपनी राज” कभी बनने नहीं देंगे. ये बताइये, अडानी पर JPC कब?

बता दें कि गौतम अडानी और उनकी कंपनियों पर हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने के बाद से ही कांग्रेस इस मामले में ज्वॉइंट पार्लियामेंट्री कमिटी (JPC) बनाने की मांग कर रही है. कांग्रेस लगातार अडानी को लेकर पीएम मोदी पर हमलावर है.

वीडियो: खर्चा पानी: अडानी ग्रुप में LIC का निवेश नुकसान में पहुंचा, पाॅलिसी होल्डर्स पर कितना असर पड़ेगा?

Advertisement