बरसात के मौसम में सड़कों पर पानी भरने की खबरें कोई नई बात नहीं है. अक्सर पानी भरने की खबरें सामने आती हैं. ऐसा ही कुछ हुआ है बिहार की राजधानी पटना में. यहां सड़कों पर ही नहीं बल्कि प्रदेश सरकार में मंत्रियों के बंगलों तक में पानी भर गया.
बिहार में भारी बारिश, पटना में विधानसभा, विधायकों और मंत्रियों के बंगलों में भरा पानी
सीएम नीतीश कुमार ने बारिश से प्रभावित इलाकों का दौरा कर राहत-बचाव कार्य का आदेश दिया है. बारिश की वजह से बिहार के कई मंत्रियों के बंगलों और अस्पतालों में भी पानी भर गया है.


पटना में रविवार, 11 अगस्त को जोरदार बारिश हुई. मौसम विभाग ने रविवार को 41.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की. इस बारिश का नतीजा ये हुआ कि पटना के कई पॉश इलाकों जैसे स्ट्रैंड रोड, राजबंसी नगर, बोरिंग रोड, बेली रोड और पाटलिपुत्र कॉलोनी में पानी भर गया. इन इलाकों में कई वीवीआईपी लोगों और नेताओं के घर हैं.
बारिश से बिहार विधानसभा भी अछूती नहीं रह सकी. विधानसभा परिसर के अलावा सरकार के कई मंत्रियों के बंगलों में पानी भर गया. सीएम नीतीश कुमार ने प्रभावित इलाकों का दौरा कर अधिकारियों को पानी पंप करने के आदेश दिए हैं. सोशल मीडिया पर जब विधानसभा में बारिश का पानी भरने की तस्वीरें और वीडियो सामने आए, तब बिहार सरकार के मंत्री हरकत में आए और आनन-फानन में अधिकारियों की मीटिंग बुलाकर उन्हें किसी भी स्थिति से निपटने के निर्देश दिए.

आदेश दिए गए हैं कि प्रशासन की तैयारियां मुकम्मल रहें, ताकि अगली बारिश में ऐसी स्थिति न पैदा न हो. बिहार के अर्बन डेवलपमेंट एंड हाउसिंग मिनिस्टर नितिन नबीन ने आगे भी भारी बारिश की संभावना देखते हुए इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है. इस मीटिंग में सभी अधिकारियों को किसी भी स्थिति के लिए तैयार रहने का आदेश दिया गया है. मंत्री ने सुपर सकर लगाकर पानी निकालने के आदेश दिए हैं.

बाढ़ के खतरे को देखते हुए नगर निगम के अधिकारियों की छुट्टियां सितम्बर तक के लिए रद्द कर दी गई हैं. क्विक रिस्पॉन्स टीम को भी एक्टिव रहने को कहा गया है जिससे किसी इमरजेंसी की स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सके. पटना के आस-पास बहने वाली सभी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. गंगा, सोन और पुनपुन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे शहर के कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है.
वीडियो: 'मैंने सत्ता छोड़ी, ताकि शवों का जुलूस न देखना पड़े...', शेख हसीना का देश छोड़ने से पहले आखिरी बयान





















