खालिस्तानी आतंकी गुरुपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने के आरोपी निखिल गुप्ता (Nikhil Gupta) ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. गुप्ता ने न्यूयॉर्क सिटी स्थित मैनहट्टन फेडरेल कोर्ट में तीन आपराधिक आरोपों में अपना अपराध स्वीकार किया है. इन आरोपों के लिए अधिकतम उन्हें कुल 40 साल की जेल की सजा हो सकती है.
निखिल गुप्ता ने कबूला अपना जुर्म, US कोर्ट से कहा- खालिस्तानी आतंकी पन्नू की हत्या की साजिश रची
Pannu Assassination Plot: निखिल गुप्ता (54) ने हत्या के लिए सुपारी देने, हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश रचने के आरोपों में अपना जुर्म कबूल किया है.


इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार, 13 फरवरी को निखिल गुप्ता (54) ने हत्या के लिए सुपारी देने, हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश रचने के आरोपों में अपना जुर्म कबूल किया है. गुप्ता ने मैनहट्टन के फेडरेल कोर्ट में अमेरिकी मजिस्ट्रेट जज सारा नेटबर्न के सामने अपना बयान दर्ज कराया.
इस मामले में जून 2024 में उनका प्रत्यर्पण चेक रिपब्लिक से अमेरिका में हुआ था. प्रत्यर्पण के तुरंत बाद उन्होंने खुद को निर्दोष बताया था. इससे पहले उनको चेक रिपब्लिक की राजधानी प्राग में करीब 1 साल तक हिरासत में रखा गया था. भारत ने पन्नू के खिलाफ किसी भी साजिश से खुद को अलग कर लिया है और कहा है कि ऐसे काम सरकारी नीति के खिलाफ हैं.
अमेरिकी न्याय विभाग ने आरोप लगाया कि निखिल गुप्ता नाम के व्यक्ति ने 1 लाख अमेरिकी डॉलर देकर एक हत्यारे को किराए पर लेने की कोशिश की थी. यह हत्या अमेरिकी-कनाडाई दोहरी नागरिकता वाले गुरुपतवंत सिंह पन्नू की होनी थी. आरोप यह भी है कि गुप्ता ने यह सब भारत सरकार के एक अधिकारी के कहने पर किया, जिसकी पहचान अमेरिकी अधिकारियों ने विकास यादव के रूप में की है.
आरोप है कि मई 2023 में विकास ने निखिल से न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या की साजिश में मदद करने को कहा था. इन आरोपों के बाद भारत सरकार ने नवंबर 2023 में एक उच्च स्तरीय जांच कमेटी बनाई. इस कमेटी ने जनवरी 2025 में अपनी रिपोर्ट दी. रिपोर्ट में अधिकारी का नाम नहीं बताया गया, लेकिन कानूनी कार्रवाई की सिफारिश की गई और यह भी कहा गया कि जांच में उस व्यक्ति के पुराने आपराधिक संबंध सामने आए हैं.
ये भी पढ़ें: पन्नू मामले के आरोपी निखिल गुप्ता को भारत सरकार से मदद नहीं मिल रही, खुद बताया
गुरुपतवंत सिंह पन्नू प्रतिबंधित संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ का प्रमुख है. भारत सरकार ने उसे हिंसा और खालिस्तानी विचार फैलाने के आरोप में आतंकवादी घोषित किया है. पन्नू का जन्म अमृतसर के पास खानकोट गांव में हुआ था. माना जाता है कि उसने पंजाब विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई की है. वह कई बार वीडियो जारी कर भारत और भारतीयों को खुली धमकियां देता रहता है.
वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: पन्नू को मारने का प्लान कैसे बना? RAW के विकास यादव का नाम क्यों आया?











.webp?width=275)
.webp?width=275)
.webp?width=275)
.webp?width=275)
.webp?width=120)






