CDS बिपिन रावत और उनकी पत्नी समेत 13 लोगों की मौत को लेकर पूरे देश में शोक की लहर है. भारत के पड़ोसी और प्रबल विरोधी पाकिस्तान से भी इस दुर्घटना पर प्रतिक्रिया आई है. पाकिस्तानी सेना की ओर से CDS रावत की मौत को लेकर एक ट्वीट किया गया है. इस में उसने जनरल बिपिन रावत की मौत पर अपनी संवेदनाएं जाहिर की हैं. पाकिस्तानी सेना ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से किये ट्वीट में लिखा,
"सीजेसीएससी जनरल नदीम रजा और सीओएएस जनरल कमर जावेद बाजवा, भारत में हुए हेलिकॉप्टर क्रैश में सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और अन्य बहुमूल्य लोगों की दुर्भाग्यपूर्ण मौत पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं."
पाकिस्तानी सेना के इस बयान पर लोगों की प्रतिक्रियाएं
पाकिस्तान की सेना की ओर से किए गए इस ट्वीट की भारत और पाकिस्तान दोनों देशों के लोग तारीफ कर रहे हैं. मंसूर नाम के एक यूजर ने ट्विटर पर लिखा,
"ये मानवता का संदेश है. अगर हमारा दुश्मन भी त्रासदी में मरता है तो भी ये जान का ही नुकसान है. मानवता के आधार पर हमें इसे लेकर खुश नहीं होना चाहिए. हमें अपने पड़ोसी देश के दुख को साझा करना चाहिए."
विक्की नाम के एक यूजर ने लिखा है,
"यह मानवता का बड़ा संकेत है, अगर हमारे दुश्मन त्रासदी में मर जाते हैं तो यह स्पष्ट तौर पर इंसान का नुकसान है. मानवीय आधार पर हमें इसकी जय-जयकार नहीं करनी चाहिए. जैसा कि हमारे पड़ोस में आज उदासी का माहौल है, हमें उनके साथ अपनी संवेदना साझा करनी चाहिए."
स्वामी नाम के एक यूजर ने पाकिस्तानी सेना को इस ट्वीट के लिए धन्यवाद दिया है. स्वामी ने अपने एक ट्वीट में लिखा,
"पाकिस्तान सेना ने भी हमारे CDS BipinRawat जी को श्रद्धांजलि दी है. इंसानियत का धर्म निभाने के लिए और हमारा दुःख बांटने के लिए धन्यवाद."
अमेरिका ने जताया दुःख
इस समय भारत के सबसे बड़े सहयोगी अमेरिका ने जनरल बिपिन रावत की मौत पर दुःख जताया है. अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने अपने एक ट्वीट में लिखा,
"आज एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में हुई भारतीय चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल रावत, उनकी पत्नी और सहयोगियों की मृत्यु पर मेरी गहरी संवेदना है. हम जनरल रावत को एक असाधारण नेता के रूप में याद करेंगे. उन्होंने अपने देश की सेवा की और अमेरिका-भारत रक्षा संबंधों में योगदान दिया."
रूस और इजरायल की भी आई प्रतिक्रिया
भारत में रूस के राजदूत निकोले कुदाशेव ने जनरल रावत की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि भारत ने अपने महान देशभक्त और समर्पित हीरो को खो दिया है. अपने एक अन्य ट्वीट में कुदाशेव ने लिखा कि रूस ने एक बहुत करीबी दोस्त खो दिया है, जिसने हमारी द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा देने में बड़ी भूमिका निभाई. उधर, इजरायल के रक्षा मंत्री बेनी गैंट्ज ने रावत को इजरायली रक्षा बलों (IDF) और इजरायल के रक्षा प्रतिष्ठान का सच्चा साथी बताया है. अपने एक ट्वीट में इजरायली रक्षामंत्री ने लिखा कि CDS बिपिन रावत ने भारत और इजरायल के बीच सुरक्षा संबंधों को मजबूत करने में बहुत योगदान दिया था.