2 अगस्त की रात. लगभग 11:30 बज रहे थे. पुलिस की एक टुकड़ी स्नूकर क्लब पहुंची. यहां कुछ खिलाड़ी प्रैक्टिस कर रहे थे. उन्हें हिरासत में ले लिया. आरोप? इतना ही कि वो देर रात तक स्नूकर प्रैक्टिस कर रहे थे. ये मामला पाकिस्तान के पंजाब का है. रिपोर्ट है कि पुलिस ने जिन्हें हिरासत में लिया, उनमें से एक खिलाड़ी वर्ल्ड चैंपियन भी रह चुका है. वहीं, इसकी जानकारी पंजाब प्रांत के कार्यवाहक मुख्यमंत्री मोहसिन नकवी तक पहुंची, तो उन्होंने इसके जांच के आदेश दिए.
क्लब में देर रात 'सिर्फ प्रैक्टिस' कर रहा था वर्ल्ड चैम्पियन, उठा ले गई लाहौर पुलिस!
खिलाड़ी की गिरफ्तारी की खबर सोशल मीडिया पर वायरल हुई, तब जाकर पुलिस ने छोड़ा.


डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, बीते बुधवार देर रात युवा स्नूकर प्लेयर एहसान रमज़ान समेत कुछ खिलाड़ियों को लाहौर पुलिस ने हिरासत में लिया. पुलिस की टुकड़ी देर रात स्नूकर क्लब पहुंची थी और क्लब को खाली करने को कहा. इस पर खिलाड़ियों ने पुलिस को बताया कि वो सिर्फ प्रैक्टिस कर रहे हैं, कोई गलत काम नहीं कर रहे हैं. हालांकि, पुलिसवाले नहीं माने और उन्होंने सभी को हिरासत में ले लिया. इस बारे में एहसान ने ‘डॉन’ से बात करते हुए कहा,
'मैंने पुलिस से कहा कि मैं वर्ल्ड चैंपियन हूं और मैं सिर्फ प्रैक्टिस कर रहा हूं. पर उन्होंने मेरी एक ना सुनी.'
एहसान रमजान ने आगे बताया,
'हमने पुलिसवालों को बताया कि यहां सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए थे. वहां गार्ड्स भी मौजुद थे. हमने उनसे फिर कहा कि हम वहां सिर्फ प्रैक्टिस कर रहे थे. कुछ गलत नहीं कर रहे थे.'
पुलिस अपनी ज़िद पर अड़ी रही. पहले क्लब खाली करवाया, फिर एहसान और उनके साथी प्लेयर्स को हिरासत में ले लिया. एहसान बताते हैं,
'मुझे, स्नूकर क्लब के मालिक फैज़ल और दो और प्लेयर्स को ग्रीन टाउन पुलिस थाने ले जाया गया. यहां हमने एसएचओ से मुलाकात की. बातचीत के बाद हमें लॉकअप में डाल दिया गया. उन्होंने हमारे फोन और बाकी सामान भी जब्त कर लिए.'
रिपोर्ट्स के मुताबिक ये ख़बर सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हुई. इसके बाद 20-30 मिनट में ही एहसान और उनके साथियों को छोड़ दिया गया.
सीएम ने दिए जांच के आदेशपंजाब के कार्यवाहक मुख्यमंत्री मोहसिन नकवी के कार्यालय ने पूरी घटना पर बयान जारी किया. जारी किए गए स्टेटमेंट में कहा गया कि इस घटना को संज्ञान में लिया गया है और लाहौर शहर पुलिस अधिकारी (सीसीपीओ) से रिपोर्ट मांगी गई है. लाहौर के आईजी ने सदर विभाग के एसपी को इस मामले में कार्रवाई कर जल्द-से-जल्द रिपोर्ट सबमिट करने को कहा है.
2023 में ही एहसान रमज़ान ने U21 एशियन स्नूकर चैंपियनशिप जीती है. उन्होंने फाइनल में ईरान के मिलाद पौराली दरेची को 5-2 से हराया था. मार्च 2022 में एहसान ने पाकिस्तान के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए एक नया रिकॉर्ड बनाया था. विश्व अमेचर स्नूकर चैंपियनशिप में हिस्सा लेने वाले वो दूसरे सबसे युवा प्लेयर बने थे. चीन के यान बिंगताओ इस कड़ी में नंबर वन पर हैं.
वीडियो: 19 साल पहले पाकिस्तान से लखनऊ आ गई थी उजमा, 2019 FIR भी हुई, पुलिस ने क्या बताया?















