The Lallantop

पाकिस्तान ने अफगान बॉर्डर पर एयरस्ट्राइक की, अफगानिस्तान में दर्जनों लोगों की मौत

Pakistan Airstrikes Afghan Border: इन हमलों में कई लोगों की मौत हुई है. पाकिस्तान का दावा है कि इन हमलों में उन आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया, जो देश के भीतर हालिया आत्मघाती हमलों के लिए जिम्मेदार थे. इस पर अफगानिस्तान सरकार का भी जवाब आया है. क्या कहा?

Advertisement
post-main-image
पाकिस्तान-अफगानिस्तान बॉर्डर. (फाइल फोटो: AFP)

पाकिस्तान ने 21 और 22 फरवरी की दरमियानी रात अफ़गानिस्तान बॉर्डर के पास एयरस्ट्राइक की. इस्लामाबाद ने दावा किया कि इन हमलों में उन आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया, जो देश के भीतर हालिया आत्मघाती हमलों के लिए जिम्मेदार थे. जबकि अफगान अधिकारियों का कहना है कि पाकिस्तानी सेना ने आम नागरिकों पर बमबारी की, जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत दर्जनों लोग मारे गए और कई लोग घायल हो गए.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने रविवार, 22 फरवरी को तड़के X पर हमले की जानकारी दी. उन्होंने लिखा कि सेना ने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और उसके सहयोगी संगठनों के सात कैंपों के खिलाफ ‘इंटेलिजेंस-बेस्ड' और 'सेलेक्टिव ऑपरेशन’ किए. उन्होंने कहा कि बॉर्डर इलाके में इस्लामिक स्टेट ग्रुप के एक सहयोगी संगठन को भी निशाना बनाया गया.

इस्लामाबाद ने हमले की ज्यादा जानकारी नहीं दी. यह भी नहीं बताया कि हमले किन इलाकों में किए गए. इससे पहले अक्टूबर 2025 में पाकिस्तान ने आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने के लिए अफगानिस्तान के अंदरूनी हिस्सों पर हमले किए थे.

Advertisement
अफगानिस्तान ने क्या कहा?

अफ़गानिस्तान सरकार के प्रवक्ता ज़बीउल्लाह मुजाहिद ने बताया कि पाकिस्तानी मिलिट्री ने एक बार फिर अफ़गान इलाके में घुसपैठ की है. उन्होंने कहा,

कल रात उन्होंने नंगरहार और पक्तिका प्रांतों में हमारे आम नागरिकों पर बमबारी की, जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत दर्जनों लोग मारे गए और घायल हुए. पाकिस्तानी जनरल ऐसे अपराधों से अपने देश की सुरक्षा कमज़ोरियों की भरपाई करते हैं.

zabiullah muzahid
ज़बीउल्लाह मुजाहिद का ट्रांसलेटेड पोस्ट. (X @Zabehulah_M33)

नंगरहार पुलिस कमांड के स्पोक्सपर्सन सईद तैयब हम्माद ने अफ़गान ब्रॉडकास्टर ‘टोलो न्यूज’ को बताया कि पाकिस्तानी मिलिट्री ने प्रांत के बेहसूद जिले में एक आम आदमी के घर को निशाना बनाया, जिससे एक ही परिवार के 23 लोग मलबे में दब गए. अभी तक सिर्फ चार लोगों को ही बाहर निकाला जा सका है. मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है.

Advertisement

रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि शनिवार रात से पाकिस्तानी सेना ने पक्तिका प्रांत के बरमल और उरगुन जिलों के साथ-साथ नंगरहार प्रांत के खोग्यानी, बेहसूद और गनी खेल जिलों पर भी हमले किए हैं. हालांकि, दोनों देशों के अधिकारियों की तरफ से हताहतों के बारे में आधिकारिक बयान का अभी इंतजार है.

ये भी पढ़ें: ‘पाकिस्तान हमारा सामना नहीं कर सकता’, BLA ने महिला फिदायीन का वीडियो जारी कर दिया संदेश

पाकिस्तान का कहना है कि ये हमले उन आतंकवादियों पर किए गए थे, जो देश के भीतर हालिया आत्मघाती हमलों के लिए जिम्मेदार थे. इनमें अफ़गान बॉर्डर के पास एक सुसाइड बम धमाका भी शामिल है. इस हमले में 11 सैनिकों और एक बच्चे की मौत हो गई थी. साथ ही बन्नू जिले में एक और हमला हुआ था जिसमें दो सुरक्षाकर्मी मारे गए थे.

इस्लामाबाद ने बार-बार अफ़गानिस्तान की तालिबान सरकार पर आरोप लगाया है कि टीटीपी के लड़ाके अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल पाकिस्तान में हमले करने के लिए करते हैं. हालांकि, काबुल हमेशा इन आरोपों को नकारता रहा है. इन हमलों से पड़ोसी देशों के बीच पहले से ही तनावपूर्ण रिश्तों के और बिगड़ने का खतरा है, जहां हाल के महीनों में बार-बार झड़पें हुई हैं और बॉर्डर बंद किए गए हैं. 

वीडियो: पाकिस्तान के हमले पर अफगानिस्तान सरकार ने क्या टिप्पणी की?

Advertisement