The Lallantop

लेबनान में कई जगह लगातार हुए पेजर धमाके, ईरानी राजदूत समेत करीब 3000 लोग घायल, 8 की मौत

लेबनान के सूचना मंत्री ज़ियाद मकारी ने बताया कि उनकी सरकार पेजर विस्फोट की निंदा करती है. उन्होंने इसे "इजरायली आक्रमण" बताया. वहीं हिजबुल्लाह ने भी पेजर विस्फोटों के लिए इजरायल को दोषी ठहराया.

Advertisement
post-main-image
विस्फोटों में एक लड़की और उसके दो भाइयों की मौत हो गई. इसके अलावा बड़ी संख्या में लोगों को अलग-अलग तरह की चोटें आई हैं. (फोटो- AFP)

लेबनान में हिजबुल्लाह को निशाना बनाकर लगातार कई पेजर विस्फोट किए गए (Pagers Explode Across Lebanon). अलग-अलग जगहों पर हुए पेजर धमाकों में आठ लोगों की मौत की खबर है. अभी तक 3000 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. इनमें से 200 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. घायलों में लेबनान में ईरान के राजदूत भी शामिल हैं. इसके अलावा हिजबुल्लाह के कई सदस्य घायल हुए हैं. हिजबुल्लाह ने इस विस्फोट के लिए इजरायल को जिम्मेदार ठहराया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

समाचार एजेंसी रॉयटर्स में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, पेजर धमाके लेबनान में स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे (भारतीय समयानुसार शाम 6 बजे) हुए. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इजरायल द्वारा हैक किए जाने के बाद पेजर देश के विभिन्न भागों में फटे. इसमें राजधानी बेरूत के दक्षिणी उपनगर, बेका घाटी और दक्षिणी लेबनान शामिल हैं.

वहीं ईरान के सरकारी मीडिया ने बताया कि लेबनान में उसके राजदूत मोजतबा अमानी भी इस घटना में घायल हो गए हैं. उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

Advertisement

पेजर एक तरह की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस है, जिसका इस्तेमाल मैसेज या अलर्ट भेजने के लिए किया जाता है. पेजर धमाकों के बाद लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने नागरिकों ने इसका इस्तेमाल रोकने का आग्रह किया है. लेबनान के स्वास्थ्य मंत्री फिरास अबियाद ने पुष्टि की है कि इस घटना में आठ लोग मारे गए और अब तक लगभग 3 हजार लोग घायल हुए हैं.

मंत्री ने बताया कि लगातार हुए पेजर विस्फोटों में एक लड़की सहित आठ लोगों की मौत हो गई. उन्होंने आगे कहा,

Advertisement

"लगभग 2,750 लोग घायल हुए हैं और उनमें से 200 से अधिक की हालत गंभीर है."

People gather outside a hospital
बेरूत में एक अस्पताल के बाहर लोग.

मंत्री ने बताया कि ज्यादातर लोगों को चेहरे, हाथ और पेट पर चोटें लगी हैं. सऊदी समाचार चैनल अल हदथ की रिपोर्ट के अनुसार, पेजर ब्लास्ट में लेबनान की संसद में हिजबुल्लाह के प्रतिनिधि अली अम्मार के बेटे की मौत हो गई है.

अलजजीरा से बात करते हुए मिलिट्री एनालिस्ट एलिजा मैग्नियर ने बताया कि हिजबुल्लाह अपने सदस्यों के संचार को इजरायल द्वारा बाधित होने से बचाने के लिए पेजर पर काफी ज्यादा निर्भर करता है. उन्होंने बताया कि हिजबुल्लाह सदस्यों के बीच इन्हें पहुंचाने से पहले इन उपकरणों के साथ छेड़छाड़ की गई होगी. एलिजा ने बताया,

“यह कोई नया सिस्टम नहीं है. इसका इस्तेमाल पहले भी किया जाता था.”  

लेबनान ने क्या कहा?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लेबनान के सूचना मंत्री ज़ियाद मकारी ने बताया कि उनकी सरकार पेजर विस्फोट की निंदा करती है. उन्होंने इसे "इजरायली आक्रमण" बताया. वहीं हिजबुल्लाह ने भी पेजर विस्फोटों के लिए इजरायल को दोषी ठहराया और कहा कि उसे इसकी "उचित सजा" मिलेगी. लेबनान के विदेश मंत्रालय ने विस्फोटों को "खतरनाक और जानबूझकर की गई इजरायली कार्रवाई" बताया है.

पेजर धमाकों को लेकर हिजबुल्लाह ने एक बयान में बताया,

“आज दोपहर हुए हमलों के बारे में सभी तथ्यों, आंकड़ों और उपलब्ध जानकारी की जांच करने के बाद हम इन धमाकों के लिए इजरायल को पूरी तरह से जिम्मेदार मानते हैं. इसमें नागरिकों को भी निशाना बनाया गया है.”

एक एम्बुलेंस वाहन हिज़्बुल्लाह के सैकड़ों सदस्यों को लेकर जा रहा है
लेबनान के सिडोन में अस्पताल के रास्ते में एक एम्बुलेंस.

हिजबुल्लाह ने कहा कि वह “फिलिस्तीनी प्रतिरोध” का समर्थन करना जारी रखेगा और कहा कि विश्वासघाती और आपराधिक दुश्मन को इस घटना के लिए निश्चित रूप से दंडित किया जाएगा.

इजरायल ने कोई बयान नहीं दिया

लेबनान में एक साथ हुए विस्फोटों के बारे में इजरायल की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है. हालांकि, अलजजीरा ने लिखा कि इजरायली पीएम ऑफिस में प्रवक्ता रह चुके एक व्यक्ति ने घटना पर टिप्पणी करते हुए आरोप लगाया कि इसके पीछे इजरायल का हाथ है. लेकिन इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान जारी कर इस व्यक्ति से खुद को अलग कर लिया.

एक इजरायली चैनल के अनुसार, प्रधानमंत्री ने अपनी सरकार और मंत्रियों को निर्देश दिया है कि वे लेबनान में जो कुछ हुआ उसके बारे में बात न करें. ना ही इंटरव्यू दें और इस मामले पर किसी भी प्रकार की चर्चा न करें.

सिविल डिफेंस के प्रथम-प्रतिक्रियाकर्ता एक ऐसे व्यक्ति को ले जा रहे हैं जो अपने हाथ में पकड़े जाने वाले पेजर के फटने से घायल हो गया था
हैंडहेल्ड पेजर के फटने से घायल हुए शख्स को ले जाते लोग.
पेजर धमाकों के बाद अब तक क्या-क्या हुआ?

- हिजबुल्लाह ने बताया कि इन विस्फोटों में एक लड़की और उसके दो भाइयों की मौत हो गई. इसके अलावा बड़ी संख्या में लोगों को अलग-अलग तरह की चोटें आई हैं.
- कम से कम 2,750 लोग घायल हुए हैं, 200 से अधिक की हालत गंभीर है.
- देश भर में लगभग 100 अस्पतालों में घायलों की संख्या बढ़ गई है.
- दक्षिणी लेबनान के अस्पतालों में मरीजों की संख्या अस्पतालों की क्षमता से अधिक हो गई है. मंत्रालय मरीजों को इलाज के लिए दूसरी जगहों पर भेज रहा है.
- हिजबुल्लाह के एक अधिकारी ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि समूह द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले नए ब्रांड के हैंडहेल्ड पेजर पहले गर्म हुए, फिर फट गए.

वीडियो: दुनियादारी: Israel में 7 लाख लोग सड़कों पर क्यों उतरे? क्या Netanyahu की सरकार जाएगी?

Advertisement