https://www.youtube.com/watch?v=RNWAKZzgbp4
ये क्राइम सीरीज जबरदस्त हिट हुई. इतनी कि दूसरे सीज़न के इंतजार में लोग दीवाने हो रहे हैं. पहले ये सीज़न अगस्त में आना था, अब सितंबर में आएगा. हालांकि अब एक नई समस्या खड़ी हो गई है. और वो समस्या है जो पाब्लो 1993 में मरते समय अपने पीछे छोड़ गया था. नहीं नहीं, वो हिप्पोपोटोमस नहीं जिन्हें अपने ज़ू के लिए पाब्लो ने अफ्रीका से मंगवाया था जो पीछे छूट गए और प्रजनन कर-कर के कोलंबिया भर में फैल गए और लोग तंग हैं कि ये प्राणी उनके देश के तो न थे, कहां से आ गए? अब 250 किलोमीटर पर ये हिप्पो फैले हुए हैं. देश का बड़ा मुद्दा बने हुए हैं.

जब पुलिस ने पाब्लो-रोबर्तो का पोस्टर निकाला था. ये आज रोबर्तो के घर सजा है.
समस्या दूसरी वाली है. रोबर्तो एस्कोबार. पाब्लो का छोटा भाई. जो उसका अकाउंटेंट था. ड्रग्स के धंधे के अरबों डॉलर का हिसाब-किताब रखता था. साथ ही लोगों को मारने के लिए रखे हत्यारे दस्ते का संचालक भी. पाब्लो के मरने से पहले जेल में डाल दिया गया था. दस साल की सजा हुई थी. उसने 2009 में अपनी जीवनी The Accountant's Story: Inside the Violent World of the Medellín Cartel भी लिखी.
नेटफ्लिक्स को उसने एक ख़त लिखा है. इसमें रोबर्तो ने कहा है कि सीज़न-2 रिलीज करने से पहले कड़ियां उसे दिखाई जाए ताकि उसमें तथ्यात्मक गलतियां न जाएं. लिखा है:
अाप के टेलीविज़न (वेब) शो की समीक्षा करने के अलावा भी सलाह दे दूं कि इससे जुड़ी कोई सामग्री रिलीज़ न करें. .. मुझे उम्मीद है आप लोग मेरे शो से कोई मुनाफा नहीं काम रहे हैं. लेकिन कमा रहे हैं तो मैं कहूंगा कि हमसे बंटवारा करें. मैं गलत भी हो सकता हूं लेकिन मुझे नहीं लगता कि आप मेरे, मेरे भाई और मेरे परिवार के नाम पर लाभ कमा सकते हो जब तक मेरी मंजूरी न ले लो. दुनिया में मैं ही हूं जो इस सीरीज के कंटेंट का सत्यापन कर सकता है.


अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक कंपनी एस्कोबार इंक के जरिए 2015 में रोबर्तो ने अपने भाई और उसके परिवार के उत्तराधिकार अधिकारों का पंजीकरण करवाया था. कंपनी के सीईओ ओलोफ गुस्ताफसन ने कहा है कि उन्होंने पिछले साल नारकोज़ सीज़न-1 के प्रसारण से पहले नेटफ्लिक्स से संपर्क करने की कोशिश की थी लेकिन उन लोगों ने कोई जवाब नहीं दिया. उन्होंने कहा है कि रोबर्तो की इच्छा का सम्मान करते हुए इस शो को उन्हें रिव्यू करने दिया जाए ताकि दर्शक और परिवार के लोग पाब्लो और उनका का सच्चा चित्रण देख पाएं.
दरअसल रोबर्तो सीज़न-2 में प्रोगाम के कंटेंट को लेकर इतना परेशान इसलिए हो रहे हैं क्योंकि उन्हें अपनी छवि की चिंता है. हालांकि सीधे तौर पर नारकोज़ में रोबर्तो का पात्र नहीं रखा गया है लेकिन इस कहानी में एक अकाउंटेंट का जिक्र है जिसे पाब्लो निकाल देता है क्योंकि वो सीआईए को खुफिया जानकारियां दे रहा होता है. ये पात्र रोबर्तो की ओर ही इशारा करता है. रोबर्तो के पक्ष का कहना है कि उन्हें कभी पाब्लो ने निकाला नहीं था और वे हत्यारों की गैंग के मुखिया थे, कार्टेल के अकाउंटेंट थे और पाब्लो का सारा काम देखते थे.

रोबर्तो, पाब्लो की फोटो के साथ.
रोबर्तो ने अपने पत्र के बाद मेल के जरिए न्यूज़वीक मैगजीन को जवाब दिया. उनकी टोन वैसी ही थी जैसे कोलंबिया में गैंग चलाते हुए उनकी और पाब्लो की होती थी.
जैसे रोबर्तो ने कहा है:
मुझे नहीं लगता कि इस साल सितंबर में कोई नारकोज़ सीज़न-2 होने वाला है. मेरी मां ने एक बार मुझे कहा था जब मैं छोटा था कि हमेशा मेडिलीन (कोलंबिया का दूसरा सबसे बड़ा शहर जिसके पास ही पाब्लो एस्कोबार पला-बढ़ा-जिया) में उम्रदराज लोगों को सुनो. अब मैं बूढ़ा हूं और अगर वो मेरी बात नहीं मानते हैं तो मैं सुनिश्चित करूंगा कि मैं सुना जाऊं. न सिर्फ मेरी आवाज सुनी जाएगी बल्कि मुझे अच्छे से हर्जाना भी दिया जाएगा.उसने कहा कि मैंने हजारों सौदे किए हैं और अरबों डॉलर एक हाथ से दूसरे हाथ जाते देखे हैं. मेरा भरोसा करो, ये बिजनेस को हैंडल करने का तरीका नहीं है. क़तई नहीं.
अभी इस सबको लेकर नेटफ्लिक्स ने कोई टिप्पणी नहीं की है. न ही प्रेस में अपना पक्ष रखा है.रोबर्तो ने नेटफ्लिक्स से हर्जाने में 1 बिलियन डॉलर यानी करीब 6700 करोड़ रुपए मांगे हैं. अगर ऐसा नहीं होता है तो वो अपने वकीलों के साथ तैयार बैठा है दावा ठोकने को. बोला है अगर वे लोग मुझसे बात नहीं करेंगे तो कोई नारकोज़ नहीं होने वाला है.
https://www.youtube.com/watch?v=A2m7bPax-00
Read the full story: दुनिया का सबसे अमीर, कामयाब और 'कमीना' क्रिमिनल




















