The Lallantop

नूह हिंसा के बाद 250 से ज्यादा झुग्गियों पर बुलडोजर चला, बांग्लादेश का कनेक्शन बता क्या आरोप लगे?

हिंसा के चार दिन बाद नूह के SP वरुण सिंगला का ट्रांसफर हुआ.

Advertisement
post-main-image
नूह सहित कई जिलों में अब भी इंटरनेट बंद (फोटो- इंडिया टुडे/वी़डियो स्क्रीनशॉट)

हरियाणा के नूह में सांप्रदायिक हिंसा के बाद प्रशासन ने करीब 250 झुग्गियों को बुलडोजर से गिरा दिया है. इन झुग्गियों को प्रशासन ने 'अवैध' बताया है. अंग्रेजी अखबार 'द ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रशासन ने ये कार्रवाई नूह के ताउडू इलाके में की है. जिन झुग्गियों को गिराया गया है, वो "अवैध" प्रवासियों के हैं. इनमें से कई लोगों के नाम कथित रूप से हिंसा के आरोपियों में दर्ज हुआ है. ये झुग्गी पिछले  चार सालों से हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की जमीन पर बने हुए थे. इन झुग्गियों में बांग्लादेश से आए "अवैध प्रवासी" रह रहे हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
कई और जगहों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी

द ट्रिब्यून की रिपोर्ट बताती है कि 3 अगस्त को जिला प्रशासन भारी पुलिस बल के साथ ऑपरेशन के लिए पहुंचा. प्रशासन ने बताया कि ये झुग्गियां अवैध हैं. हालांकि इस सांप्रदायिक हिंसा के बीच अचानक बुलडोजर चलाने से प्रशासन पर सवाल भी उठ रहे हैं. पुलिस के सूत्रों ने अखबार को बताया कि ताउडू के आसपास जिन लोगों ने पत्थरबाजी की, दुकानों पर हमले किये, वे इसी झुग्गी-बस्ती से हैं. पुलिस ने CCTV फुटेज और दूसरे वीडियो के आधार पर उन घरों की पहचान की, जहां से पत्थरबाजी की गई.

अखबार के मुताबिक, सूत्र ने बताया कि पुलिस के प्लान के अनुसार नालहर गांव और बाकी जगहों पर भी ऐसी कार्रवाई की जाएगी, जहां से पत्थर फेंके गए. नूह के अलग-अलग इलाकों में अब तक 50 से ज्यादा प्रॉपर्टी चिन्हित की गई है.

Advertisement

नूह के एसपी वरुण सिंगला (अब ट्रांसफर हो चुका) ने बताया कि संबंधित एजेंसियों ने कार्रवाई की और पुलिस ने सुरक्षा मुहैया कराई थी. वहीं राज्य की एडीजी (कानून) ममता सिंह के ओएसडी नरेंद्र बिजारनिया ने बताया कि ये झुग्गियां अवैध थीं. आप इस तरह अवैध तरीके से नहीं रह सकते और इसका इस्तेमाल कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने में करेंगे.

नूह एसपी का ट्रांसफर

हिंसा शुरू होने के चार दिन बाद नूह के एसपी वरुण सिंगला का ट्रांसफर कर दिया गया है. अब उन्हें भिवानी का एसपी बनाया गया है. वहीं, भिवानी के एसपी नरेंद्र बिजारनिया को नूह भेजा गया है.

हिंसा के बाद 3 अगस्त को नूह और गुरुग्राम में शांतिपूर्ण स्थिति बनी रही. हालांकि अब भी कुछ जगहों पर तनाव की स्थिति है. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, 3 अगस्त की रात भी पटौदी इलाके में तीन मोटरसाइकिल में आग लगा दी गई. नूह में अब भी कर्फ्यू जारी है और इंटरनेट बंद है. राज्य सरकार ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 5 अगस्त तक नूह, फरीदाबाद, पलवल जिलों के साथ गुरुग्राम के सोहना, पटौदी और मानेसर इलाके में इंटरनेट बंद रहेगा.

Advertisement

हिंसा के बाद से अब तक कुल 55 FIR दर्ज हुई हैं. इनमें से 10 केस सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाने के लिए दर्ज हुए हैं. पुलिस ने अलग-अलग इलाकों से अब तक 141 लोगों को गिरफ्तार किया है. नूह, भिवानी सहित हरियाणा के 10 जिलों में धारा-144 लागू है.

वीडियो: नूह हिंसा और मुंबई ट्रेन फायरिंंग पर विदेशी मीडिया में क्या लिखा गया? मोदी की चुप्पी पर क्या छपा?

Advertisement