18 जनवरी, 2020. इस दिन बॉलीवुड एक्ट्रेस शबाना आजमी सड़क हादसे का शिकार हो गई थीं. सोशल मीडिया पर कई लोगों ने शबाना की सलामती के लिए पोस्ट किया था. लेकिन सरकारी स्कूल की एक टीचर ने शबाना के लिए जिस तरह का फेसबुक पोस्ट लिखा, उस वजह से उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है.
यूपी में सरकारी टीचर ने शबाना आजमी की मौत की दुआ मांगी, खुद का नुकसान हो गया
मामला ग्रेटर नोएडा के एक सरकारी स्कूल से जुड़ा है.


PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, टीचर का नाम है मृदुला शुक्ला. 50 साल की हैं. ग्रेटर नोएडा के दादरी के जूनियर हाई स्कूल में इनकी पोस्टिंग थी. शबाना आजमी के एक्सीडेंट के बाद मृदुला ने कथित तौर पर उनकी 'मौत की दुआ' मांगी थी, जिसे लेकर उन्हें निलंबित करने का फैसला किया गया.
27 जनवरी को गौतम बुद्ध नगर के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बाल मुकुंद प्रसाद ने ये फैसला किया. सस्पेंशन लेटर में लिखा गया है,
'मृदुला ने शबाना आजमी के लिए फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट लिखा था. ये पोस्ट यूपी सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली-1956 का उल्लंघन था. उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित किया जा रहा है.'
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले पर अभी और जांच होगी. इसके अलावा ये भी जानकारी दी कि मृदुला कब तक निलंबित रहेंगी, इसकी समय सीमा तय नहीं हुई है. जांच के बाद जो कुछ भी सामने आएगा, उसके आधार पर फैसला होगा.
कैसे हुआ शबाना आजमी का एक्सीडेंट?
18 जनवरी की शाम करीब 4 बजे मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर खालापुर टोल प्लाज़ा पर उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई. उनके पति जावेद अख़्तर भी साथ थे. जावेद को ज्यादा चोट नहीं आई थी, लेकिन शबाना बुरी तरह घायल हो गई थीं.
वीडियो देखें:






















