नवाब मलिक ने ट्वीट कर समीर वानखेडे के निकाह की तस्वीर शेयर की (तस्वीर: ट्विटर-नवाब मलिक)
महाराष्ट्र (Maharashtra) के कैबिनेट मंत्री नवाब मलिक (Nawab Malik) ने NCB के जोनल डायरेक्टर (Zonal Director) समीर वानखेड़े (Sameer Wankhede) पर एक बार फिर हमला बोला है. इस बार नवाब मलिक ने समीर वानखेडे की शादी और कथित निकाहनामा से जुड़ी तस्वीरें ट्विटर पर शेयर की हैं. निकाहनामा एक तरह का लिखित दस्तावेज होता है. मुस्लिम शादी के रीति-रिवाजों के मुताबिक शादी करने वाले जोड़े को इस दस्तावेज पर साइन करने होते हैं, ताकि उनकी शादी वैध घोषित की जा सके.
कबूल है, कबूल है, कबूल है!
सोमवार को NCP नेता नवाब मलिक ने समीर वानखेडे पर हमला बोलते हुए दो ट्वीट किए. पहला ट्वीट सोमवार 22 नवंबर को रात करीब 12 बजे किया. इस ट्वीट में शेयर की गई फोटो में समीर वानखेडे कथित रूप से एक निकाहनामा पर साइन करते दिख रहे हैं. इस फोटो को शेयर करते हुए नवाब मलिक ने लिखा,
"कबूल है, कबूल है, कबूल है... यह क्या किया तूने समीर दाऊद वानखेडे?"
इसके बाद सुबह 8 बजे नवाब मलिक ने एक और ट्वीट किया. इसमें पहली वाली फोटो के साथ निकाहनामे की फोटो भी शेयर की. इसे शेयर करते हुए उन्होंने लिखा,
"समीर दाऊद वानखेड़े की 'निकाहनामा' पर हस्ताक्षर करते हुए तस्वीर"
पहले भी शेयर की थीं शादी की फोटो ये पहली बार नहीं हुआ जब नवाब मलिक ने समीर वानखेडे पर उनकी पहली शादी को लेकर निशाना साधा है. वे पहले भी एक बार वानखेडे की पहली शादी की फोटो शेयर कर चुके हैं. उस वक्त नवाब मलिक ने तंज कसते हुए लिखा था,
"एक प्यारी जोड़ी की तस्वीर समीर दाऊद वानखेडे और डॉ शबाना कुरैशी"
उस वक्त मलिक ने ये दावा भी किया था कि वानखेड़े और उनकी पूर्व पत्नी डॉ शबाना कुरैशी का निकाह, 7 दिसंबर, 2006 की रात 8 बजे मुंबई के अंधेरी वेस्ट में स्थित लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स में हुआ था. हालांकि, साल 2016 में समीर वानखेडे और शबाना कुरेशी का तलाक हो गया था. इसके बाद साल 2017 में समीर ने मराठी अभिनेत्री क्रांति रेडकर से शादी की थी.
हाई कोर्ट में आज होगी सुनवाई
समीर वानखेड़े के पिता ने बॉम्बे हाईकोर्ट में नवाब मलिक के खिलाफ सवा करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया है. उन्होंने कोर्ट से ये मांग भी की है कि नवाब मलिक को सोशल मीडिया पर उनके परिवार के खिलाफ अपमानजनक बयान जारी करने से रोका जाए. इस मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट आज अपना फैसला सुना सकता है. बतादें, नवाब मलिक ने समीर वानखेड़े पर मुस्लिम होने का आरोप लगाया था. उन्होंने दावा किया था कि वानखेडे ने फर्जी सर्टिफिकेट के आधार पर खुद को अनुसूचित जाति का बताकर नौकरी हासिल की है. मलिक ने समीर वानखेड़े के स्कूल सर्टिफिकेट्स को सबूत के तौर पर कोर्ट में पेश किया है.