सोशल मीडिया बड़ी महान जगह है. कुछ का कुछ बनाने और बताने में इसका कोई तोड़ नहीं है. यहां बिना किसी सोर्स की पुष्टि किए बवंडर खड़े किए जाते हैं. एक ऐसा ही बवंडर शनिवार को भी खड़ा हुआ. दिन भर से एक खबर क्रिकेट की दुनिया में घूम रही थी. खबर ये थी कि न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेट नैथन मैक्कुलम की मौत हो गई है. ये वही क्रिकेटर है जो न्यूजीलैंड के लिए 84 वनडे औऱ 63 टी20 इंटरनेशनल खेल चुका है और ब्रैंडन मैक्कुलम का बड़ा भाई है.

सोशल मीडिया पर अचानक ये खबर तैरने लगी कि नैथन की पत्नी वेनेसा ने बताया है कि उनके पति की मौत हो गई है. इस खबर के फैलने के बाद सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई. फिर हुआ ये कि 38 साल के इस क्रिकेटर तक ये खबर पहुंची और फिर खुद मैक्कुलम ने एक ट्वीट करके कहा कि देखिए मैं तो एकदम हट्टा कट्टा हूं और पहले से भी ज्यादा खुश हूं. मुझे नहीं पता मेरी मौत की खबर कहां से आ गई. ये फेक है. आप सभी को प्यार. न्यूजीलैंड के लिए खेल चुके नैथन आईपीएल की पुणे वॉरियर्स के लिए भी 2011 में खेले थे. फिर 2013 में वो सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में शामिल हुए. दुनिया भर में कई टी20 लीग्स में अभी भी खेलते हैं और 2015 में रिटायरमेंट ले चुके हैं.
