The Lallantop

मुजफ्फरपुर में 12 साल की लड़की से गैंगरेप, उसी के घर में जिंदा जला दिया

गांववालों ने चारों आरोपियों को बचाने के लिए पंचायत तक बुला ली

Advertisement
post-main-image
बिहार के मुजफ्फरपुर में नाबालिग के गैंगरेप-मर्डर के बाद गांव में ही मामले को दबाने की कोशिश हुई थी. साहेबगंज के थानाध्यक्ष ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज होने की पुष्टि की है.
बिहार के मुजफ्फरपुर से एक दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है. एक गांव में 12 साल की नाबालिग लड़की से गैंगरेप किया गया, उसका वीडियो बनाया गया. आरोपी यहीं नहीं रुके, लड़की को उसके ही घर के कमरे में जिंदा जला दिया. लड़की की मौत हो गई. पिता की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. गुलशन कुमार, चंचल कुमार, अभिनय कुमार और राजा कुमार नाम के चारों आरोपी फरार हैं. घटना मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना एरिया में 3 जनवरी, 2021 की बताई गई है. लड़की गांव में अपने दादा-दादी और बड़ी बहन के साथ रहती थी. उसके पिता पंजाब के एक कारखाने में मजदूरी करते हैं. जिस वक्त ये घटना हुई, वो पंजाब में ही थे. आजतक के संवाददाता मणिभूषण शर्मा को मृतका के पिता ने बताया कि 3 जनवरी को मोबाइल फोन पर उन्हें जानकारी मिली थी कि सामूहिक दुष्कर्म के बाद आग लगाकर छोटी बेटी की हत्या कर दी गई है. जब मैं घर पहुंचा तो मामला सही पाया. पहले भी किया था गैंगरेप मृतका की बहन ने आरोप लगाया कि इससे पहले 5 दिसंबर 2020 की देर रात भी उसकी बहन के साथ गैंगरेप किया गया था. तब गुलशन कुमार और चंचल कुमार ने रेप किया था. वीडियो भी बनाया. धमकी दी कि किसी को बताया तो हत्या कर देंगे, वीडियो को वायरल कर देंगे. इसके बाद आरोपियों ने रेप का वीडियो इंटरनेट पर वायरल भी कर दिया. मृतका की बहन का आरोप है कि 3 जनवरी को दिन में 10 बजे गुलशन और चंचल दो और लोगों के साथ उनके घर में घुस आए. छोटी बहन के साथ रेप किया, फिर हत्या कर दी. हत्या के बाद सबूत मिटाने की मंशा से शव को जला दिया. पीड़िता की बड़ी बहन ने दावा किया कि जब उसने कमरे से धुआं उठता देखा, तो वह घर पहुंची. उस दौरान उसने आरोपियों को शव ठिकाने लगाते हुए देखा. इसकी जानकारी परिवारवालों को दी. बुलाई गई गुप्त पंचायत इस पूरे मामले को पहले गांव में ही दबाने की कोशिश की गई. बड़ी बेटी से मामले की जानकारी मिलने पर पीड़िता के पिता 5 जनवरी को पंजाब से गांव पहुंचे. इसके बाद ग्रामीणों ने उन पर दबाव बनाया कि थाने में केस दर्ज न कराया जाए. गांव का मामला है, गांव में ही निपटा लिया जाए. जो सजा तय होगी, यहीं दी जाएगी. इसे लेकर दोनों पक्ष के लोगों ने गुप्त पंचायत भी लगाई. लेकिन बात नहीं बनी. पीड़िता के पिता को दूसरे पक्ष के लोगों की शर्त मंजूर नहीं थी. उसके बाद मंगलवार 12 जनवरी को देर शाम पीड़िता के पिता ने साहेबगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई. साहेबगंज के थानाध्यक्ष अनूप कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. एसएसपी जयंतकांत ने बताया कि एसडीपीओ सरैया को इसकी जांच सौंपी गई है. आरोपी फरार हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement