अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में एलन मस्क ने रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवारों और उनसे जुड़े संगठनों पर 445 मिलियन डॉलर से ज्यादा खर्च किए. लेकिन उनकी सारी कोशिशें काम नहीं आईं. डेमोक्रेटिक पार्टी ने अमेरिकी संसद के दोनों सदनों में बड़ी जीत हासिल की है. अब मस्क की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. अमेरिकी संसद में उनके सरकारी कामकाज और उनकी कंपनियों को मिले ठेकों की जांच हो सकती है. मस्क की कंपनियों को अरबों डॉलर के सरकारी ठेके मिले हैं. ऐसे में डेमोक्रेटिक सांसद यह जानना चाहते हैं कि क्या मस्क ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार में अपने पद का इस्तेमाल अपने कारोबार को फायदा पहुंचाने के लिए किया?
445 मिलियन डॉलर खर्च किए, फिर भी हारे मस्क के उम्मीदवार, अब सरकारी ठेकों की होगी जांच?
अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत के बाद एलन मस्क की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. मस्क ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों पर 445 मिलियन डॉलर से ज्यादा खर्च किए थे. अब उनके सरकारी कामकाज, DOGE की भूमिका, सरकारी ठेकों और रूस से कथित संबंधों की जांच हो सकती है.

अमेरिकी चुनावी रिकॉर्ड का विश्लेषण करने वाली संस्था ओपन सीक्रेट के मुताबिक, मस्क इस चुनाव में सबसे ज्यादा पैसा खर्च करने वाले व्यक्ति रहे. उन्होंने अकेले टेक्सास में रिपब्लिकन उम्मीदवारों पर कम से कम 225 मिलियन डॉलर खर्च किए. इनमें सीनेट चुनाव के उम्मीदवार केन पैक्सटन और गवर्नर ग्रेग एबॉट शामिल थे. लेकिन दोनों चुनाव हार गए. टेक्सास में डेमोक्रेटिक पार्टी ने राज्य के सभी बड़े पदों पर जीत हासिल की. टेक्सास मस्क के कारोबार के लिए भी बहुत अहम है. टेस्ला का मुख्यालय और कार बनाने की बड़ी फैक्ट्री यहीं है. स्पेसएक्स, एक्स और न्यूरालिंक जैसी कंपनियों का भी यहां कामकाज है.
डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जेम्स टालारिको ने सीनेट का चुनाव जीतकर केन पैक्सटन को हराया. चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने मस्क पर आरोप लगाया था कि वह पैसे के दम पर टेक्सास की राजनीति को अपने हिसाब से चलाना चाहते हैं. जीत के बाद उन्होंने कहा कि देश की ताकत आम लोगों के पास होनी चाहिए, अरबपतियों के पास नहीं. चुनाव नतीजों के बाद मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘लगता है इस बार चुनाव में दखल देने वाली मेरी अंतरिक्ष लेजर काम नहीं आईं.’
मिडटर्म चुनाव रिजल्ट के बाद बुधवार, 4 नवंबर को टेस्ला के शेयर करीब 3 फीसदी और स्पेसएक्स के शेयर करीब 4 फीसदी गिर गए. खास बात यह थी कि उस दिन अमेरिकी शेयर बाजार के बाकी हिस्सों में तेजी थी.
डॉज में मस्क की भूमिका की जांच होगी?मस्क ने ट्रंप सरकार के शुरुआती महीनों में डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी यानी (DOGE) की कमान संभाली थी. इस विभाग का काम सरकारी खर्च कम करना था. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक,अब डेमोक्रेटिक सांसद जानना चाहते हैं कि इस दौरान सरकारी पैसे और जानकारी का इस्तेमाल कैसे हुआ. यह भी जांच हो सकती है कि मस्क को अपनी कंपनियों के लिए कोई फायदा मिला या नहीं.
डेमोक्रेसी डिफेंडर्स फंड नाम की कानूनी संस्था के मुताबिक, डॉज की कमान संभालने के चार महीनों के दौरान मस्क की कंपनियों को कम से कम 6.3 अरब डॉलर के सरकारी ठेके मिले. इसके अलावा, उनकी कंपनियों को कम से कम 10 अरब डॉलर के और सरकारी ठेके मिले. डेमोक्रेटिक सांसद जेम्स वॉकिनशॉ ने कहा है कि मस्क को सरकारी खर्च में कटौती और डॉज की ओर से बताई गई बचत के बारे में शपथ लेकर जवाब देना चाहिए.
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज बुश के समय व्हाइट हाउस में एथिक्स से जुड़े बड़े वकील रहे रिचर्ड पेंटर ने भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि अगर मस्क ने सरकारी पद पर रहते हुए ऐसे फैसलों में हिस्सा लिया, जिनसे उनके अपने कारोबार को फायदा हो सकता था, तो ये संघीय कानून का उल्लंघन हो सकता है.
यह भी पढ़ें: हूतियों ने 'शांति' के बदले सऊदी अरब से 4.8 लाख रुपये मांगे, दूसरी शर्त ने नींद उड़ा दी
रूस और यूक्रेन को लेकर भी सवालडेमोक्रेटिक सांसद मस्क के रूस से कथित संबंधों पर भी सवाल उठा रहे हैं. सीनेटर क्रिस कून्स ने कहा है कि वह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मस्क के कथित संबंधों पर भी उनसे जवाब मांगेंगे. कुछ सांसद यूक्रेन के युद्ध में मस्क की सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस स्टारलिंक की भूमिका पर भी सवाल उठा रहे हैं. स्टारलिंक यूक्रेन में आम लोगों और सेना के बीच संपर्क बनाए रखने में मदद करती है. सांसदों ने यूक्रेन में स्टारलिंक के इस्तेमाल पर पाबंदियां लगाने के मस्क के फैसले पर भी सवाल उठाए हैं.
वीडियो: दुनियादारी: अमेरिका में मिडटर्म चुनाव हारने के बाद भी ईरान पर हमला करेंगे ट्रंप?













