दिल्ली में एक ढाबे के फ्रिज से लड़की का शव मिला है. मृतका का नाम निक्की यादव है. उम्र 22 साल. आरोप है कि निक्की के लिव इन पार्टनर साहिल गहलोत ने ही उसकी हत्या की है (Live in Partner Murder Delhi). पुलिस सूत्रों के मुताबिक साहिल किसी दूसरी महिला से शादी करना चाहता था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा होता था. आरोपी ने हत्या के बाद लड़की के घरवालों को भी धोखे में रखा. लड़की के पिता से कहा कि वो दोस्तों के साथ देहरादून घूमने गई है.
निक्की के पिता ने साहिल को फोन किया, साहिल बोला - "वो घूमने गई है, फोन मेरे पास छोड़ गई"
गाड़ी में निक्की का 'गला दबाकर' हत्या की!


साहिल ने कथित तौर पर 10 फरवरी को दिल्ली के ISBT के पास कार में निक्की का गला दबाकर हत्या की थी. वो लाश को लेकर गाड़ी में घूमता रहा, फिर एक ढाबे के फ्रिज में उसे छिपा दिया.
आजतक/इंडिया टुडे ने मृतका के पिता से बात की तो पता चला कि दो दिन तक आरोपी साहिल उनसे झूठ बोलता रहा. रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें निक्की और साहिल के रिश्ते के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. निक्की के पिता बताते हैं कि उन्होंने शनिवार, 11 फरवरी को साहिल को फोन किया था. उन्होंने कहा,
“निक्की का फोन स्विच ऑफ आ रहा था. मेरी छोटी बेटी ने उसके दोस्तों से साहिल का नंबर अरेंज किया. वो निक्की के साथ गलगोटिया में ही पढ़ता था. मैंने साहिल से बात की तो उसने बताया कि निक्की दो दिन के लिए अपनी दोस्तों के साथ देहरादून-मसूरी घूमने गई है. और वो रविवार यानी 12 फरवरी को लौट जाएगी. उसने कहा कि निक्की अपना फोन उसके पास ही छोड़कर गई है.”
साहिल के जवाबों से निक्की के पिता लगातार गुमराह होते रहे. उन्होंने आगे बताया,
“साहिल ने मुझे बताया कि वो भी निक्की के साथ जाने वाला था लेकिन उसकी खुद की शादी थी, इसलिए वो नहीं गया.”
इसके बाद निक्की के पिता साहिल से लगातार बातचीत करते रहे. आरोपी कथित तौर पर बहाने बनाता रहा. कभी कहा कि वो खुद निक्की को ढूंढने जाएगा तो कभी बोला कि उसकी बुआ का बेटा निक्की को ढूंढेगा. रविवार शाम भी बेटी की खबर नहीं मिली तो उन्होंने निक्की के पिता ने साहिल के पिता को फोन मिलाया. वो कहते हैं,
“साहिल के पिता ने बताया कि उन्हें इस बारे में कुछ नहीं पता. उन्होंने कहा कि वो साहिल से बात से करेंगे. उन्होंने ही अपने बेटे को पुलिस में पकड़वाया. हमें मंगलवार, 14 फरवरी को पुलिस ने बताया कि हमारी बेटी की हत्या कर दी गई.”
वो बताते हैं,
आरोपी ने क्या कहा?“निक्की 15-20 दिन पहले घर आई थी और चार दिन हमारे साथ रही. मैंने उसे कभी परेशान हालत में नहीं देखा.”
साहिल गहलोत ने पुलिस को बताया कि उसका परिवार उस पर दूसरी लड़की के साथ शादी करने का दबाव बना रहा था. निक्की को जब इस बारे में पता चला तो वो आरोपी से भिड़ गई और दोनों के बीच बहस होने लगी. तभी साहिल ने अपनी कार में रखी डाटा केबल से निक्की का गला दबा दिया. शव को ठिकाने लगाने के बाद साहिल ने उसी दिन शाम को घर जाकर दूसरी लड़की से शादी कर ली.
वीडियो: दिल्ली में सुबह गर्लफ्रेंड का मर्डर किया, लाश फ्रिज में रखी, फिर जो किया दहला देगा!






















