The Lallantop

मुख्तार अंसारी मामले में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग, बेटे ने कहा- 'स्लो प्वाइजन' दिया गया

Mukhtar Ansari के परिवार ने Banda Medical College की रिपोर्ट पर अविश्वास जताते हुए दिल्ली के AIIMS में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की है.

Advertisement
post-main-image
28 मार्च को मुख्तार अंसारी की मौत हो गई. (तस्वीर साभार: इंडिया टुडे)
author-image
संतोष शर्मा

गैंगस्टर और पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी (Mukhtar Ansari) की मौत के बाद उसके पोस्टमार्टम पर सवाल उठ रहे हैं. मुख्तार अंसारी के बेटे उमर अंसारी ने बांदा के DM को आवेदन देकर दिल्ली एम्स में फिर से पोस्टमार्टम कराने की मांग की है. इससे पहले बांदा के मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने मुख्तार का पोस्टमार्टम किया था. बांदा मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर मुख्तार के बेटे ने अपना अविश्वास जताया है.

Advertisement

आवेदन में उमर ने आरोप लगाया है कि उनके पिता को ‘स्लो प्वाइजन’ दिया गया है. उसने लिखा,

"इस घटना के 40 दिन पहले भी उन्हें ऐसा जहर दिया गया था, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई थी."

Advertisement

ये भी पढ़ें: अरबों की संपत्ति का मालिक था मुख्तार अंसारी, कई प्रॉपर्टी पर चला था बुलडोजर

उमर ने आगे लिखा है,

"मेडिकल कॉलेज के स्टाफ ने बताया कि अस्पताल लाने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी. यह मेरे पिता की स्वाभाविक मृत्यु नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है. आपसे निवेदन है कि मेरे पिता की सुनियोजित ढंग से हत्या की गई है, जिनका पोस्टमार्टम एम्स दिल्ली के डॉक्टरों के पैनल से कराने की कृपा करें क्योंकि यहां के शासन, प्रशासन व  डॉक्टरों की टीम से अब न्याय की कोई उम्मीद नहीं है."

Advertisement
mukhtar ansari son application for postmortem
दिल्ली AIIMS से पोस्टमार्टम कराने के लिए लिखा गया आवेदन

इस बीच इस मामले में न्यायिक जांच के आदेश दिए गए हैं. सीजेएम गरिमा सिंह जांच करेंगी और एक महीने में रिपोर्ट देंगी. 

mukhtar ansari case
CJM गरिमा सिंह इस मामले की जांच करेंगी.

28 मार्च को मुख्तार अंसारी की मौत हो गई थी. बांदा जेल में हार्ट अटैक के बाद अंसारी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बांदा मेडिकल कॉलेज ने आधिकारिक रूप से बताया कि मुख्तार की मौत कार्डियक अरेस्ट के कारण हुई है. इससे पहले मुख्तार ने एक प्रार्थना पत्र में कहा था कि उसे खाने में 19 मार्च की रात में कुछ जहरीला पदार्थ मिलाकर दिया गया था. जिससे उसकी तबीयत बहुत बिगड़ गई थी. अब मुख्तार के परिवार ने भी ऐसे ही आरोप लगाए हैं.

वीडियो: 'चहीता बेटा और भाई खो दिया', असदुद्दीन ओवैसी ने मुख्तार अंसारी की मौत पर जताया अफसोस

Advertisement