The Lallantop

पीएम मोदी के मोरबी पहुंचने से पहले अस्पताल को चकाचक करने की कोशिश तस्वीरों में कैद

आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने इसे लेकर बीजेपी और पीएम मोदी पर तंज कसा है.

Advertisement
post-main-image
मोरबी अस्पताल की तस्वीरें (फोट- आज तक)

गुजरात का मोरबी मीडिया की सुर्खी बना हुआ है. रविवार 30 अक्टूबर की शाम को यहां का चर्चित केबल ब्रिज टूटने से कई लोगों की जान चली गई. ये दुर्घटना ऐसे समय में हुई है जब सत्तारूढ़ बीजेपी विधानसभा चुनाव को लेकर गुजरात में जोर-शोर से प्रचार कर रही है. जाहिर है हादसे के बाद से गुजरात सरकार विपक्षी दलों के निशाने पर है. लोगों ने भी उसे कटघरे में खड़ा किया हुआ है. इस सबके बीच खबर आई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार एक नवंबर को मोरबी के सिविल अस्पताल का दौरा करेंगे.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

बस, ये खबर आने के बाद मोरबी जिला प्रशासन और सिविल अस्पताल के लोग कदमताल करते नजर आए. हादसे के बाद घायलों को मोरबी के इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. कहा गया कि प्रधानमंत्री के आने की खबर के चलते सिविल अस्पताल प्रशासन लीपापोती करने के फुल जुगाड़ में लग गया. इसी से जुड़ी कुछ तस्वीरें लल्लनटॉप के पास आई हैं.

चमचमाता हुआ वार्ड
फोटो- दी लल्लनटॉप

प्रधानमंत्री मोदी के आने की खबर के बाद से ही मोरबी के सिविल अस्पताल में मरम्मत का काम जोरों पर है. तस्वीर में देखा जा सकता है कि वार्ड में रखे बेड एकदम चकाचक कर दिए गए हैं. नई बेडशीट डाली गई है. जमीन की सफाई भी की गई है.

Advertisement
बेडशीट चेंज करते अस्पताल के कर्मचारी
फोटो- दी लल्लटॉप

वार्ड की एक और तस्वीर में अस्पताल के कर्मचारी काम करते हुए देखे जा सकते हैं. कौन सा काम? वार्ड के बेड की बेडशीट बदलने का काम. एक बेड पर अलग से एक्स्ट्रा बेडशीट भी देखी जा सकती है. 

साफ-सफाई का विशेष ध्यान
फोटो- दी लल्लटॉप

प्रधानमंत्री के दौरे से पहले अस्पताल में सब ठीकठाक करने की कोशिशों को दिखाती एक और तस्वीर. इसमें मोरबी सिविल अस्पताल में लेटे मरीजों के पास रखी टेबल पर पानी की साफ बोतलें भी देखी जा सकती हैं. आमतौर पर सरकारी अस्पतालों में ये नज़ारा देखने को कम ही मिलता है. 

अस्पताल का असली चेहरा
फोटो- ट्विटर

प्रधानमंत्री के आगमन से पहले अस्पताल की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं. इनमें सफेदी करने वाले कर्मचारी अस्पताल की गैलरी की छत-दीवारों को पेंट करने नजर आ रहे हैं. तस्वीर में छत की उखड़ी हुई पुट्टी भी साफ नजर आ रही है. 

Advertisement
विपक्ष ने कसा तंज

अस्पताल को चकाचक करने की इन कोशिशों पर आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस ने बीजेपी पर हमला बोला. उन्होंने सीधे प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसा. AAP ने कहा कि पीएम के फोटोशूट के लिए अस्पताल की दीवारें रंगाई की जा रही हैं. पार्टी के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से कहा गया,

मोरबी सिविल अस्पताल में रातों रात रंग-पुताई की जा रही ताकि कल पीएम मोदी के फोटोशूट में घटिया बिल्डिंग की पोल ना खुल जाए. घटना में 141 लोग मर चुके हैं और कई लोग लापता भी हैं, असली दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई लेकिन भाजपाइयों को फोटोशूट करके लीपापोती की पड़ी है.

वहीं कांग्रेस की ओर से अस्पताल की फोटो ट्वीट कर कहा गया कि पीएम मोदी की फोटो में कोई कमी न रहे, इसका प्रबंध हो रहा है. कांग्रेस की ओर से ट्वीट कर लिखा गया,

कल PM Modi मोरबी के सिविल अस्पताल जाएंगे. उससे पहले वहां रंगाई-पुताई का काम चल रहा है. चमचमाती टाइल्स लगाई जा रही हैं.

कांग्रेस ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि मोरबी के हादसे में इतने सारे लोग मर गए और ये लोग इवेंट बाजी में लगे हैं.  

वीडियो- प्रधानमंत्री मोदी के आने से पहले मोरबी सिविल हॉस्पिटल की रंगाई-पुताई, नई बेडशीट, नए वाटर कूलर

Advertisement