The Lallantop

चोरों से बचाने के लिए लाखों रुपये बैंक के लॉकर में रखे, 8 महीने बाद देखा तो दीमक खा गया

कहीं आपका लॉकर भी इसी बैंक में तो नहीं है?

Advertisement
post-main-image
2.15 लाख रुपए की रकम पाउडर में बदल गई है. (फोटो- आजतक)

नकदी और ज्वेलरी रखने के लिए सबसे सेफ जगह क्या हो सकती है? शायद आपका जवाब होगा- बैंक लॉकर. क्योंकि 24 घंटे हाई-सिक्योरिटी में रहता है. गार्ड, कैमरे और सारे तामझाम के बीच. पैसा चोरी होने का कहीं से कहीं तक कोई रिस्क ही नहीं. ऐसा ही सोचकर उदयपुर की एक महिला ने लॉकर में लाखों रुपए रखे, जो चोरी तो नहीं हुए लेकिन 'गायब' हो गए हैं. कैसे? पैसा दीमक चट कर गया. मामला राजस्थान के उदयपुर का है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

उदयपुर में पंजाब नेशनल बैंक की कालाजी-गोराजी ब्रांच में महेश सिंघवी ने अपनी पत्नी सुनीता मेहता के नाम से लॉकर लिया था. उन्हें लॉकर नंबर 265 अलॉट हुआ, जिसमें उन्होंने 2.15 लाख रुपए रखे थे. मई 2022 में उन्होंने लॉकर खुलवाया था, तब पैसे पूरी तरह सुरक्षित थे. जरूरत पड़ने पर 9 फरवरी (गुरुवार) को वे पैसे निकालने पहुंची. लॉकर खोला, तो देखा कि नोटों की गड्डी को दीमक ने खा लिया और वो पाउडर की तरह हो गई.

बैंक ने पेस्ट कंट्रोल नहीं करवाया

महेश सिंघवी ने आरोप लगाया कि बैंक मैनेजमेंट ने पेस्ट कंट्रोल नहीं करवाया था, इसलिए लॉकर में दीमक लग गई. लॉकर के अंदर और भी सामान रखा हुआ है, उसके भी खराब होने की आशंका है. पूरे मामले की शिकायत बैंक प्रबंधन को कर दी गई है.

Advertisement

ब्रांच के सीनियर मैनेजर प्रवीण कुमार यादव ने कहा,

"ग्राहकों के नुकसान की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और कस्टमर को दोबारा बैंक में बुलाया गया है, ताकि समस्या का समाधान किया जा सके. बैंक के अंदर सीलन आने की वजह से दीमक ने नुकसान पहुंचाया है"

बैंक ने कस्टमर को वापस बुलाया

बैंक ने मामले की जानकारी सीनियर अधिकारियों को दे दी है. आनन-फानन में बैंक में पेस्ट कंट्रोल का छिड़काव किया गया. बताया जा रहा है कि बैंक में करीब 20 से 25 लॉकर ऐसे हो सकते हैं, जिनमें दीमक लगने की आशंका है. इसके बाद बैंक प्रबंधन अब लॉकर मालिकों को फोन कर ब्रांच बुला रहा है, ताकि दूसरे लॉकर्स को भी चेक किया जा सके. 

Advertisement

जब लोगों को इस मामले के बारे में पता चला, तो उन्होंने ब्रांच के सामने हंगामा भी किया.

वीडियो: बैंक लॉकर में क्या-क्या रख सकते हैं, क्या नहीं, कैसे अप्लाई करना है, सब जान लें

Advertisement