अनुष्का शर्मा ने 88 गेंदों में 52 रन मारे. पांच चौके और एक सिक्स . BCCI ने ये खबर ट्वीट की. ये खबर क्रिकेटर अनुष्का शर्मा के बारे में थी, जो अंडर 19 टीम में खेलती हैं. फिलहाल अंडर 19 वन डे चैलेंजर ट्रॉफी में खेल रही हैं.
ट्वीट देखते ही ट्विटर की जनता हो गई कन्फ्यूज़. क्योंकि जनता ने तो एक ही अनुष्का शर्मा का नाम सुना है. जो एक्ट्रेस हैं और जिनका क्रिकेट से कनेक्शन इतना है कि उनके पति यानी विराट कोहली क्रिकेटर हैं. खबर आई और मीमर्स की हो गई चांदी. दीवाली पर चांदी होना बड़ी बात है ब्रो! देखिए कुछ मज़ेदार ट्वीट्स. एक यूज़र ने विराट की फोटो शेयर करते हुए लिखा,
"तुम लोगों ने बताया क्यों नहीं कि अनुष्का मैच खेलने गई है. वामिका रो रही है."
एक यूज़र ने लिखा,
"जब पति आउट ऑफ़ फ़ॉर्म हो गया, तब बीवी को ही उतरना पड़ा मैदान में.. मोर पावर टू यू!"
हर बात पर तुलना करने वाली जनता यहां कैसे बाज़ आती. कुछ अक्लमंद अनुष्का शर्मा के स्ट्राइक रेट की तुलना भारतीय पुरुष खिलाड़ियों से करने लगे.
विराट कोहली को ट्रोल करने की फिराक में बैठे लोग इस मौके को कैसे छोड़ देते. सबसे ज़्यादा विराट के अलग-अलग रिएक्शन्स के मीम हैं, जिसके नीचे लिखा है - "अरे यह कब हुआ!" "मुझे इसके बारे में कुछ पता नहीं!"
सच ये है कि BCCI ने जिस अनुष्का शर्मा का स्कोर ट्वीट किया वो एक्ट्रेस अनुष्का नहीं, क्रिकेटर अनुष्का हैं. अब यहां तक आप आ ही गए हैं तो उस टूर्नामेंट के बारे में भी जान लीजिए जिसमें अनुष्का शर्मा खेल रही हैं.
क्या है अंडर 19 वन डे चैलेंजर टूर्नामेंट?
वैसे तो हमारे देश की जनता क्रिकेट प्रेमी है. लेकिन उनमें से ज्यादातर की नज़र होती है पुरुष टीमों पर, इंटरनैशनल मुकाबलों पर और आईपीएल पर. लेकिन इन सबके बीच BCCI डोमेस्टिक मैचेस भी करा रहा होता है. वो मुकाबले, जिनसे उभरकर आगे आते हैं टीम इंडिया को रिप्रेजेंट करने वाले खिलाड़ी. इस वक्त अंडर 19 वन डे चैलेंजर टूर्नामेंट चल रहे हैं. महिलाओं का ये टूर्नामेंट 2 नवंबर से शुरू हुआ है और 7 नवंबर तक चलेगा. इसमें खिलाड़ियों को चार टीमों में बांटा गया है. टीम- ए, बी, सी और डी. अनुष्का शर्मा टीम बी की कैप्टन हैं. वो इस टूर्नामेंट के टॉप तीन रन स्कोरर्स में से एक हैं.