हरियाणा के पानीपत में एक मौलवी की हत्या का मामला सामने आया है. आरोप है कि मौलवी के गुरु ने ही उसकी हत्या कर दी. आरोपी ने कथित तौर पर लाश को दूसरे राज्य में जाकर ठिकाने लगाया वो भी निर्माणाधीन मकान के नीचे. पुलिस पूछताछ में पता चला कि उसने पैसों के लालच में आकर हत्या की. आरोपी मौलवी को अरेस्ट कर लिया गया है.
एक मौलवी ने दूसरे को मारा, दृश्यम स्टाइल में लाश ठिकाने लगाई, ऐसे पकड़ा गया
दृश्यम जैसी प्लानिंग की, लेकिन यहां मर्डर करने वाला बच नहीं पाया


आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक मामला हरियाणा के पानीपत शहर का है. मृतक का नाम वसीन बताया जा रहा है. उम्र 28 साल. वसीन फर्नीचर बनाने का काम करता था और साथ में मौलवी भी था. उसने 65 साल के दिलशाद को अपना गुरु बनाया था, जो खुद भी मौलवी है. 31 दिसंबर को सुबह 8 बजे वसीन काम पर निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा. शाम हुई तो परिवार वालों ने खोजबीन शुरू की. वसीन का फोन बंद था. परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई.
अगले दिन शाम सवा छह बजे वसीन के भाई कल्लन को उसके फोन से मैसेज आया. उसमें वसीन की लाश की फोटो थी और लिखा था-
हम जींद से बोल रहे हैं, तुम्हारे भाई ने हमारी लड़की के साथ गलत काम किया था. इसलिए हमने उसे मार दिया. वसीन ने लड़की से 7 लाख 35 हजार रुपए भी ले लिए थे. मरते हुए वसीन ने अपने भाई का नंबर दिया है. अब ये रुपए उसके भाई से वसूले जाएंगे.
मैसेज देखकर परिवार वाले सीधे पुलिस के पास गए और हत्या का केस दर्ज हुआ. मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी महिपाल सिंह ने आजतक को बताया-
जांच के दौरान हमें वसीन के गुरु पर शक हुआ. वो आए दिन पीड़ित परिवार के पास जाता था. बच्चों के लिए फल भी ले गया था. सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात कबूल कर ली.
दिलशाद ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वसीन की एक प्रेमिका थी जिसने उसे 7 लाख 35 हजार रुपए दिए थे. आरोपी ने कहा-
उस महिला को मैं भी जानता हूं. मेरे मन में वसीन को मिले पैसे ऐंठने का लालच आ गया था. 31 दिसंबर को मैं वसीन के साथ यूपी के कैराना गया. वहां एक मोहल्ले में मकान के निर्माण का काम चल रहा था. मैंने डंडे से पीट-पीटकर वसीन की हत्या की और उसके शव को वहां खुदे एक गड्ढे में डाल दिया. फिर उसके भाई को उसी के फोन से शव की फोटो भेजी.
पुलिस ने दिलशाद की बताई जगह से शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
वीडियो: हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह के खिलाफ महिला कोच ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया, FIR हुई



















