The Lallantop

दिल्ली के शराब घोटाला मामले में डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया गिरफ्तार

केजरीवाल बोले- ये गंदी राजनीति है.

Advertisement
post-main-image
मनीष सिसोदिया

दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को CBI ने गिरफ्तार कर लिया है. अब 27 फरवरी को उनकी कोर्ट में पेशी होगी. मनीष सिसोदिया से CBI ने शराब घोटाला मामले में 8 घंटे पूछताछ की, जिसके बाद गिरफ्तारी की गई है. जांच एजेंसी का दावा है कि शराब घोटाला मामले में कई लोगों से पूछताछ की गई थी,  जिसमें पता लगा कि मनीष सिसोदिया ने आबकारी नीति बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

गिरफ्तारी के बाद दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने सिसोदिया को बेकसूर बताया है. उन्होंने ट्वीट कर लिखा, 

मनीष बेक़सूर हैं. उनकी गिरफ़्तारी गंदी राजनीति है. मनीष की गिरफ़्तारी से लोगों में बहुत रोष है. लोग सब देख रहे हैं. लोगों को सब समझ आ रहा है. लोग इसका जवाब देंगे. इस से हमारे हौसले और बढ़ेंगे. हमारा संघर्ष और मज़बूत होगा.

Advertisement

मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी को AAP ने तानाशाही बताया है. AAP सांसद संजय सिंह ने ट्वीट कर लिखा, 

"सिसोदिया की गिरफ़्तारी तानाशाही की इंतेहा है. आपने एक नेक इंसान और सर्वश्रेष्ठ शिक्षा मंत्री को गिरफ़्तार करके अच्छा नहीं किया मोदी जी, भगवान भी आपको माफ़ नहीं करेगा. एक दिन आपकी तानाशाही का अंत ज़रूर होगा मोदी जी."

वहीं इसे लेकर BJP ने भी AAP पर निशाना साधा. BJP नेता कपिल मिश्रा ने कहा, 

Advertisement

"आख़िरकार शराब घोटाले में मनीष सिसोदिया भी गिरफ़्तार हुए. मनीष सिसोदिया को शराब से बर्बाद हुए परिवारों के माता बहनों की हाय लगी. सत्येंद्र जैन के बाद केजरीवाल का एक और भ्रष्ट मंत्री जेल में है. मैं शुरू से कह रहा हूं कि केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन जेल जाएंगे, इनमें से दो लोग जेल जा चुके, अगला नंबर केजरीवाल का है." 


रविवार, 26 जनवरी को ही सुबह CBI ने सिसोदिया को पूछताछ के लिए अपने दफ्तर बुलाया. इसके बाद से पूरे दिन उस मामले में हंगामा होता रहा.  CBI दफ्तर पहुंचने से पहले मनीष सिसोदिया अपनी मां से मिले और उसके बाद रोड शो करते हुए दफ्तर पहुंचे. रोड शो के दौरान हजारों AAP कार्यकर्ता भी उनके साथ थे. जो धरने पर बैठकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. 

इसके बाद दिल्ली पुलिस ने धारा 144 लगा दी, साथ ही दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय और AAP सांसद संजय सिंह समेत कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. रोड शो के दौरान सिसोदिया ने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, हम भगत सिंह की संतान हैं, हम जेल जाने से नहीं डरते हैं.  मनीष सिसोदिया इस दौरान अपनी पत्नी के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित और भावुक दिखे.

इस शराब नीति के कुछ पॉइंट्स आपको बता देते हैं-

1- नई शराब नीति के तहत पूरी दिल्ली को 32 ज़ोन में बांटकर, हर ज़ोन में 27 लिकर वेंडर रखने का प्रावधान.

2- हर वार्ड में 2-3 वेंडर शराब बेचेंगे.

3- फैसला लिया गया कि दिल्ली सरकार अब शराब नहीं बेचेगी.

4- दिल्ली में शराब बेचने के लिए सिर्फ प्राइवेट दुकानें होंगी.

5- शराब की दुकानों के लिए लाइसेंस देने के प्रोसेस को आसान बनाया जाएगा.

नई शराब नीति को लेकर 22 जुलाई 2022 ने दिल्ली के उप-राज्यपाल वीके सक्सेना ने मनीष सिसोदिया के खिलाफ CBI जांच की मांग की थी. सक्सेना ने सिसोदिया पर नियमों को नजरअंदाज कर भ्रष्टाचार करने के आरोप लगाए.  वहीं, BJP ने केजरीवाल सरकार पर नए टेंडर के बाद गलत तरीके से शराब ठेकेदारों के 144 करोड़ माफ करने के आरोप लगाए हैं.

 

वीडियो: 'राजनीतिक जासूसी' में घिरे मनीष सिसोदिया, आरोप में अमित शाह के मंत्रालय ने उठाया बड़ा कदम!

Advertisement