कानपुर में एक शख्स ने केबल तार से अपनी बेटी का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. मामला कानपुर के रावतपुर स्थित केशव नगर इलाके का है. मृतका अर्चना के पिता का नाम श्याम सुंदर है. आरोप है कि श्याम को अर्चना के बॉयफ्रेंड ने फोन किया था. बॉयफ्रेंड ने लड़की के प्रेग्नेंट होने की बात कही. इसके बाद आरोपी ने 19 मार्च की रात बेटी की हत्या कर दी. आरोपी की पत्नी ने उसके खिलाफ पुलिस में FIR दर्ज करवाई है. जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
गर्लफ्रेंड के पापा से बोला झूठ, कहा- "तुम्हारी लड़की प्रेग्नेंट है", पिता ने बेटी की हत्या कर दी!
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.


आज तक से जुड़े रंजय सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतका 16 साल की थी और वो सोनू नाम के एक लड़के के साथ रिलेशनशिप में थी. वहीं लड़की का पिता इस रिलेशनशिप का विरोध करता था. रिपोर्ट के मुताबिक, सोनू ने लड़की के पिता को फोन किया था और कहा था कि वो लड़की से शादी के लिए तैयार है. पिता ने इसका विरोध किया. जिसके बाद सोनू ने लड़की के पिता को बताया कि वो दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं और लड़की प्रेग्नेंट है.
रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी श्याम को ये बात नागवार गुजरी और उसने हत्या का प्लान बनाया. इसके लिए वो 19 मार्च को अपनी पत्नी को उसके मायके छोड़कर आया था. और फिर रात में नशे की हालत में घर लौटा. जिस वक्त वो घर आया, तब उसकी बेटी अपने बेड पर सोई हुई थी. आरोप है कि उसने सो रही बेटी का केबल से गला घोंटना शुरू किया. इसी दौरान मकान में रह रहे किरायेदारों को लड़की के चीखने चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं तो उन्होंने लड़की की मां को फोन कर घटना की जानकारी दी.
मौके पर पहुंचते ही लड़की की मां ने देखा कि लड़की की लाश बेड पर पड़ी हुई है और आरोपी पिता बेड के बगल में खड़ा है. इसके बाद लड़की की मां ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान उसने जुर्म कबूल कर लिया.
लड़की की मां ने क्या बताया?लड़की की मां का कहना है कि श्याम अपनी बेटी अर्चना से बहुत प्यार करता था. उसने अर्चना पर कभी हाथ नहीं उठाया था. उन्होंने आगे बताया कि सोनू, अर्चना को परेशान करता था. इसी के चलते उसने श्याम को प्रेग्नेंट होने की फर्जी जानकारी दी. लड़की की मां ने कहा उन्हें पता था कि उनकी बेटी की प्रेग्नेंसी वाली बात झूठी है. लेकिन श्याम ने फिर भी उसे मार डाला.
वीडियो: कानपुर में लल्लनटॉप से मां बेटी की मौत पर गांववालों ने बताया. असल में क्या हुआ?






















