मंदिर का दानपात्र खाली किया जा रहा था. 10, 20, 50, 100, 500 रुपये के नोटों और चिल्लरों को अलग-अलग किया जा रहा था. तभी उनके बीच से एक कागज निकला. दानपात्र में खाली कागज का क्या काम? लेकिन ध्यान से देखा तो सिर्फ एक कागज नहीं था. बैंक का चेक था… चेक! हां चेक. और मामूली चेक नहीं. उस पर पूरे 100 करोड़ रुपये की रकम लिखी हुई थी.
भगवान को चढ़ाया 100 करोड़ का चेक, बैंक बैलेंस जान लोग बोले- 'ये राज किसी को ना बताना'
मंदिर का दानपात्र खाली किया जा रहा था. तभी उसमें से 100 करोड़ का चेक निकला जिसे देख मंदिर प्रबंधन के होश उड़ गए.


जाहिर है इतनी बड़ी रकम देखकर मंदिर प्रबंधन के होश उड़ गए. और भी ज्यादा होश उड़े जब चेक को कैश कराने वो लोग बैंक पहुंचे. पता चला कि जिस शख्स ने 100 करोड़ रुपये का चेक बनाया था उसके अकाउंट में 100 रुपये भी नहीं थे. अकाउंट में सिर्फ और केवल 17 रुपये होने की खबर है. अब चेक की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल है. उस पर लिखी रकम और असल बैंक बैलेंस जानकर लोगों ने माथा पकड़ लिया है.
आजतक से जुड़े अब्दुल बशीर की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम का है. यहां सिम्हाचलम में श्री वराह लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी वारी देवस्थानम मंदिर है. वहीं के दानपात्र से चेक निकला है. चेक किसने डाला इसको लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है. वो जो भी है अगर ये खबर पढ़ रहा है तो आगे यूजर्स के मैसेज भी पढ़ ले.
सोशल मीडिया यूजर्स ने मामले पर मजेदार कॉमेंट्स और मीम शेयर किए हैं.
अमित रेवाला नाम ने यूजर ने चेक डालने वाले शख्स को मसखरा बताया.
एक यूजर ने व्यंग्य करते हुए कहा कि चेक डालने वाले का बैंक बैलेंस नहीं नीयत देखो.
सुदीप नाम के यूजर ने लिखा,
"बड़ा आशावादी व्यक्ति है. भगवान 100 करोड़ का चेक क्लियर करने से पहले 150 करोड़ खाते में कहीं से ट्रांसफर करा देंगे यही सोच कर उसने चेक लिखा. लेकिन भगवान ने उसकी भावनाएं नहीं समझीं."
अरविंद कुमार ने लिखा,
"उसका दिल बहुत बड़ा है लेकिन उसका अकाउंट उसके दिल को सपोर्ट नहीं दे सका."
एक यूजर सुहानी तिवारी ने एक पुरानी फिल्म से ये मजेदार मीम शेयर किया.
जीवन नाम के एक यूजर ने लिखा,
“श्रद्धालु बी लाइक- भगवान मुझे देगा तो मैं तुमको दूंगा.”
एक और यूजर कुमार सानू ने लिखा,
“वो भगवान से 100 करोड़ मांग रहा होगा. किसी और के एकाउंट में ट्रांसफर न हो जाए इसलिए चेक काट कर दे दिया.”
जोक्स से परे, कई यूजर्स खबर जानकर काफी ऑफेंड हुए. इन लोगों ने इसे भगवान के साथ धोखा बताया. आपकी क्या राय है, नीचे कॉमेंट में लिखकर जरूर बताएं.
वीडियो: स्वामी प्रसाद मौर्य पर जूता फेंकने का वीडियो वायरल, लोगों ने आरोपी के साथ क्या कर दिया?














