किसान जंगली जानवरों की समस्या से परेशान था, आते और फसल को खराब कर जाते. आखिर में इनसे फसल बचाने के लिए किसान ने अपने खेत में बिजली का तार बिछा दिया. इससे बड़ा हादसा हो गया. एक शख्स की करंट लगने से मौत हो गई. किसान को अरेस्ट कर केस दर्ज कर लिया गया है.
किसान जानवरों से परेशान था, खेत में बिजली का तार बिछाया, बड़ा कांड हो गया
जब कई घंटों तक पडोसी घर नहीं पहुंचा तो खोजबीन शुरू हुई, फिर शव मिला, किसान से सख्ती से पूछताछ होने पर उसने सब कबूल कर लिया.


आजतक से जुड़े विकास राजूरकर की रिपोर्ट के मुताबिक घटना महाराष्ट्र के चंद्रपुर के कोठारी थाना क्षेत्र के तोहगांव की है. मृतक शख्स की पहचान पतरू टेकाम के तौर पर हुई है. उम्र 45 साल. वो 18 नवंबर की रात को घर से निकला और वापस नहीं लौटा.
परिजनों ने अगले दिन थाने में पतरू की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. उनका आरोप है कि पुलिस ने मामले में संतोषजनक कार्रवाई नहीं की जिसके बाद घरवालों ने ही खोजबीन शुरू की. इस दौरान उन्हें खेत के पास ताजा ढंका हुआ गड्ढा दिखाई दिया. उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी. मौके पर खुदाई की गई तो वहां से पतरू टेकाम का शव बरामद हुआ.
मृतक के रिश्तेदार रवींद्र ने बताया,
खेत के मालिक ने क्या-क्या बताया?हमने खेत के मालिक को फोन किया लेकिन उन्होंने जानबूझकर फोन नहीं उठाया इसलिए हमें उन पर शक हुआ. तभी हमने खेत की छानबीन की.
खेत के मालिक गिरधर से सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने सब कबूल कर लिया. पुलिस के मुताबिक, गिरधर ने बताया कि पतरू की मौत बिजली की तार की चपेट में आने की वजह से हुई थी. गिरधर ने कथित तौर पर घबराकर शव को खेत में ही दफना दिया था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.
जांच अधिकारी विकास गायकवाड़ ने बताया,
20 नवंबर को पतरू की गुमशुदगी की रिपोर्ट मिली. हमने मामले में जांच शुरू की. इसके बाद 23 नवंबर को जानकारी मिली की एक शव खेत में दफनाया गया है. खुदाई की तो पता चला कि वो शव पतरू टेकाम का ही है.
परिवार वालों की शिकायत के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.




















