The Lallantop

शादी में रसगुल्ले को लेकर बवाल हो गया, दुल्हन के मौसा को पीट-पीटकर मार डाला

दो लोग रसगुल्लों से भरी बाल्टी चोरी कर ले जाने लगे तभी बवाल हो गया.

Advertisement
post-main-image
घटना मैनपुरी के बीकापुर गांव की है (फोटो: आजतक)

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में शादी समारोह में दुल्हन के मौसा की पीट-पीट कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि रसगुल्ले को लेकर हुए विवाद में दुल्हन के मौसा की पिटाई की गई. घटना कुरावली क्षेत्र के बीकापुर गांव की है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आज तक के पुष्पेंद्र सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक रसगुल्लों से भरी बाल्टी को लेकर विवाद हो गया था. इसके बाद मारपीट होने लगी. इसी घटना में ज्यादा चोट लग जाने के कारण दुल्हन के मौसा की मौत हो गई. कई लोगों ने मिलकर दुल्हन के मौसा को पीटा था. इस मारपीट में एक अन्य व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है.

रिपोर्ट के मुताबिक दुल्हन के मौसा रणबीर सिंह अपने साले रामकिशोर शादी में शामिल होने बीकापुर आए थे. मृतक रणबीर के बेटे ने बताया,

Advertisement

शादी में हमारे पापा बारातियों को खाना खिला रहे थे. इस दौरान गांव के कुछ शराबी लोग आए और बाल्टी से छेना निकाल कर खाने लगे. हमारे पिता जी ने मना किया कि व्यवस्था क्यों बिगाड़ रहे हो. इतने में वो लोग गाली देने लगे और मारने लगे. सिर पर लाठी मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.

बताया जा रहा है कि गांव के ही रजत और अजय नाम के दो युवक रसगुल्लों से भरी बाल्टी चोरी कर ले जाने लगे. इस पर रणबीर और रामकिशोर ने उन्हें टोका था. इसे लेकर कहासुनी शुरू हो गई. फिर मारपीट होने लगी. आरोप है कि रजत और अजय पक्ष के लोगों ने रणबीर सिंह की पीट-पीट कर हत्या कर दी. वहीं मृतक के साले रामकिशोर को गंभीर हालत में हॉस्पिटल ले जाया गया.

इस मामले में मैनपुरी के अपर पुलिस अधीक्षक (एडिशनल SP) राजेश कुमार ने जानकारी दी, 

Advertisement

थाना कुरावली क्षेत्र के गांव बीकापुर में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है. इसमें जो मामला सामने आया है कि एक शादी थी और शादी के दौरान एक व्यक्ति अपने परिवार के साथ अपने रिश्तेदारों के साथ गया था. वहां पर शादी के बाद गांव का एक व्यक्ति वहां से कोई सामान ले जा रहा था. उसने (मृतक ने) उसको टोका कि क्यों चोरी कर रहे हो. उसी बात को लेकर दो पक्षों में कहा-सुनी हुई. लाठी-डंडे चले. उसमें एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है. 

एडिशनल SP ने बताया कि इस मामले में FIR दर्ज किया गया है. इसमें जो आरोपी थे, उनमें से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. वहीं एक आरोपी फरार है, उसकी तलाशी जारी है.

वीडियो: पड़ताल: थाने से निकालकर इस्लामिक भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला, सच क्या है

Advertisement