The Lallantop

चर्चित मलयालम एक्टर रेप के आरोप में गिरफ्तार, तुरंत जमानत पर रिहा भी हुए

एडावेला के खिलाफ एक महिला एक्टर ने रेप का मामला दर्ज करवाया था. पीड़िता के अनुसार, यह घटना बाबू के कलूर स्थित आवास पर हुई, जहां वो एक्टर और मलयालम मूवी आर्टिस्ट एसोसिएशन (AMMA) की सदस्यता के लिए फॉर्म भरने गई थीं.

Advertisement
post-main-image
एक्टर एडावेला बाबू को कोर्ट से अग्रिम जमानत मिल गई थी. (फ़ोटो/सोशल मीडिया)

एक्टर और मलयालम मूवी आर्टिस्ट एसोसिएशन (AMMA) के पूर्व महासचिव एडावेला बाबू (Edavela Babu) को रेप के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तीन घंटे की पूछताछ के बाद विशेष जांच दल (SIT) ने उन्हें गिरफ्तार किया. लेकिन कुछ देर बाद ही उन्हें जमानत भी मिल गई. एडावेला बाबू ने एर्नाकुलम की जिला अदालत से पहले ही अग्रिम जमानत ले रखी थी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

एडावेला के खिलाफ एक महिला एक्टर ने रेप का मामला दर्ज करवाया था. उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा-354 (यौन उत्पीड़न), 376 (रेप) और 509 (महिला की गरिमा का शब्दों या व्यवहार से अपमान) के तहत केस दर्ज किया गया था. मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं की स्थिति को लेकर आई हेमा कमिटी रिपोर्ट के बाद उनके खिलाफ रेप का आरोप लगा था. जून में अपने इस्तीफे से पहले, एडावेला बाबू कई सालों से AMMA के महासचिव थे.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, एर्नाकुलम टाउन नॉर्थ पुलिस ने महिला एक्टर की शिकायत पर केस दर्ज किया था. पीड़िता के अनुसार, यह घटना बाबू के कलूर स्थित आवास पर हुई, जहां वो AMMA की सदस्यता के लिए फॉर्म भरने गई थीं.

Advertisement

इससे एक दिन पहले, कोल्लम से CPI(M) विधायक और एक्टर एम मुकेश को भी गिरफ्तार किया गया था. लेकिन उन्हें भी अग्रिम जमानत के कारण रिहा कर दिया गया था. दोनों मामलों में शिकायतकर्ता एक ही थीं.

मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में जयसूर्या, सिद्दीकी, मुकेश, मनियानपिला राजू और डायरेक्टर रंजीत सहित बड़े एक्टर्स और फिल्ममेकर के खिलाफ यौन उत्पीड़न और उत्पीड़न के आरोप लगे हुए हैं. यौन शोषण के गंभीर आरोप मीनू मुनीर और सोनिया मल्हार जैसी कई एक्टर्स ने लगाए हैं.

राज्य सरकार ने साल 2017 में जस्टिस हेमा समिति की स्थापना की थी. इस समिति ने साल 2019 में एक रिपोर्ट प्रस्तुत की. लेकिन कानूनी चुनौतियों के कारण उस समय रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया गया. खूब हंगामा हुआ. हंगामे के कारण एसोसिएशन ऑफ मलयालम मूवी आर्टिस्ट्स के शीर्ष पैनल को खत्म कर दिया गया. पैनल के अध्यक्ष एक्टर मोहनलाल ने कहा कि वे "कुछ एक्टर द्वारा समिति के कुछ सदस्यों के खिलाफ लगाए गए आरोपों" की नैतिक जिम्मेदारी ले रहे हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: मलयालम फिल्म इंडस्ट्री यौन उत्पीड़न मामले में केरल सरकार को HC की फटकार, कहा- 'चुप रहना विकल्प नहीं'

बाद में जब जस्टिस हेमा समिति की रिपोर्ट सार्वजनिक हुई तो, रेप के कई आरोप सामने आए. रिपोर्ट ने मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं के शोषण और उत्पीड़न को उजागर किया. 235 पन्नों की रिपोर्ट से पता चला कि मलयालम फिल्म इंडस्ट्री को 10-15 पुरुष प्रोड्यूसर्स, डायरेक्टर्स और एक्टर्स के द्वारा कंट्रोल किया जाता है.

सरकार ने इन मामलों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) गठित की थी. SIT इन मामलों की जांच कर रही है.

वीडियो: मलयालम एक्टर श्रीनाथ भसी पर लगा एंकर को गाली देने का आरोप

Advertisement