The Lallantop

लिव-इन पार्टनर को मारा, बेड में लाश छिपाई, फर्नीचर बेचकर भाग गया

मुंबई में भी लिव-इन पार्टनर का मर्डर

Advertisement
post-main-image
हार्दिक ने मेघा का मर्डर किया और भाग गया | फोटो: आजतक

पहले श्रद्धा वॉल्कर फिर निक्की यादव हत्याकांड. दोनों में एक समानता है, दोनों की हत्या का आरोप इनके लिव-इन पार्टनर्स पर लगा. अब एक और ऐसी ही घटना सामने आई है. महाराष्ट्र के पालघर से. यहां एक शख्स ने अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या की और शव को बेड में छिपाकर भाग गया. फरार होने से पहले उसने बेड को छोड़कर घर का सारा फर्नीचर बेच डाला.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आजतक से जुड़े मुस्तफा शेख की रिपोर्ट के मुताबिक ये मामला पालघर के नालासोपारा इलाके का है. 27 साल का आरोपी हार्दिक शाह अपनी 37 साल की लिव-इन पार्टनर मेघा धनसिंह तोरवी के साथ नालासोपारा की सीता सदन सोसाइटी में रहता था. पुलिस के मुताबिक दोनों ने अपने रियल एस्टेट एजेंट, मकान मालिक और अन्य पड़ोसियों को बताया था कि वे शादीशुदा हैं. पुलिस के मुताबिक मेघा पेशे से नर्स थी, लेकिन हार्दिक बेरोजगार था. उसका खर्च मेघा को ही उठाना पड़ता था. इसे लेकर अक्सर दोनों का झगड़ा भी होता था.

फोन कर बताया- ‘आत्महत्या करने वाला हूं’

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक पुलिस को इस घटना का पता सोमवार, 13 फरवरी की शाम को लगा.

Advertisement

एक पुलिस अधिकारी ने बताया,

'दोनों के बीच कोई झगड़ा हुआ और इस दौरान ही हार्दिक ने मेघा का मर्डर कर दिया. आरोपी ने खुद कर्नाटक में रहने वाले मेघा की चाची को मैसेज किया और बताया कि उसने मेघा को मार डाला है और उसके शव को बेड के अंदर छिपाकर रखा है. उसने ये भी बताया कि वो खुद भी आत्महत्या करके मरने वाला है.'

अधिकारी के मुताबिक हार्दिक का मैसेज पढ़कर मेघा की चाची ने तत्काल इसकी जानकारी फ्लैट एजेंट को दी. जिसने पुलिस को घटना के बारे में बताया. सूचना मिलने पर पुलिस फ्लैट पर पहुंची और तलाशी शुरू की. इस दौरान पुलिस को बेड के अंदर से युवती के अवशेष मिले. जिन्हें पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बताया गया है कि युवती की हत्या गला दबाकर की गई है.

Advertisement

पुलिस का कहना है कि जब तक पुलिस फ़्लैट पर पहुंची, तब तक आरोपी हार्दिक फ्लैट छोड़कर मुंबई भाग चुका था. पुलिस जब मुंबई पहुंची तो वो राजस्थान के लिए निकल चुका था. पुलिस ने उसे रास्ते में ही अरेस्ट कर लिया.

पुलिस के मुताबिक अभी तक इस बात का पता नहीं चला है कि हार्दिक ने मेघा की हत्या कब की थी. अधिकारियों के मुताबिक हार्दिक से पूछताछ के बाद ही इस बात का पता चल सकेगा.

वीडियो: निक्की मर्डर केस: साहिल ने अपने पास रखा फोन, पिता से झूठ बोला, पिता बोले- फांसी दो

Advertisement