कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा देने आए शख्स के मास्क में फिट था नकल करने का जुगाड़
पुलिस को पता चलते ही मास्क छोड़कर भागा.
Advertisement

पुलिस ने बताया कि आरोपी मास्क के अंदर पूरा फोन सर्किट बना कर लाया था
महाराष्ट्र (Maharashtra) के पिंपरी चिंचवाड़ (Pimpri Chinchwad) में पुलिस भर्ती के रिटन एग्जाम में एक उम्मीदवार चीटिंग के गजब जुगाड़ के साथ पहुंचा. हालांकि वह चीटिंग नहीं कर पाया. एग्जाम हॉल में जाने से पहले पुलिस सभी उम्मीदवारों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान चीटिंग के इस हाईटेक जुगाड़ का पता चल गया. हालांकि चीटिंग करने वाला ये उम्मीदवार पकड़े जाने से पहले ही भाग निकला. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
मास्क में फिट चीटिंग की किट
आजतक के संवाददाता समीर शेख के मुताबिक, शुक्रवार 19 नवंबर को महाराष्ट्र में पुलिस भर्ती के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी. घटना पुणे जिले (Pune) के पिंपरी चिंचवाड इलाके की है. एग्जाम सेंटर ब्लू रिज पब्लिक स्कूल में था. हिंजवड़ी (Hinjewadi)पुलिस थाने के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिसकर्मी परीक्षा देने आए सभी उम्मीदवारों की चेकिंग कर उन्हें अंदर भेज रहे थे. इस दौरान पुलिस को एक उम्मीदवार पर शक हुआ. पुलिसकर्मियों को इस उम्मीदवार का मास्क थोड़ा सख्त लगा. इसके चलते उन्होंने इस उम्मीदवार से मास्क हटाने को कहा. बस फिर क्या था इस लड़के को ये अंदाजा हो गया कि भेद खुल जाएगा और पुलिस पकड़ लेगी. उम्मीदवार ने बहाना बनाया कि वो अपना प्रवेश पत्र (Admit Card) भूल गया है, उसे लेकर आ रहा है. ये कहकर वो वहां से फरार हो गया. पुलिस अधिकारियों ने जब उसके मास्क को चेक किया तो देखा कि मास्क के अंदर माइक्रोफोन, सिम कार्ड और एक बैटरी का इस्तेमाल कर पूरा फोन का सर्किट तैयार किया गया था.
आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र में परीक्षा में धांधलेबाजी रोकने के लिए विश्वविद्यालय बोर्ड और अन्य निर्दिष्ट परीक्षा अधिनियम, 1982 की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है. वहीं दूसरी ओर पिंपरी चिंचवाड़ पुलिस ने बावधन बुद्रुक इलाके से एक परीक्षा केंद्र पर दो उम्मीदवारों को भी हिरासत में लिया है. पुलिस का कहना है कि ये दोनों इस परीक्षा में डमी उम्मीदवार के रूप में पेपर देने आए थे. पुलिस ने दोनों को तीन दिन की हिरासत में ले लिया है. महाराष्ट्र पुलिस में 720 सिपाही के पदों के लिए भर्ती चल रही है. शुक्रवार 19 नवंबर को भर्ती के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी. इस परीक्षा में करीब 1 लाख 90 हजार उम्मीदवारों ने भाग लिया था. देश में परीक्षा में हाईटेक चीटिंग का ये पहला मामला नहीं है. कुछ दिनों पहले राजस्थान में भी इसी तरह का एक मामला सामने आया था. राजस्थान में शिक्षकों की भर्ती के लिए REET एग्जाम में नकलचियों ने ब्लूटूथ वाली चप्पल का इस्तेमाल करने की कोशिश की थी. नकलचियों के गैंग ने इस तरह की करीब 25 चप्पलें बनायी थी और हर चप्पल की कीमत करीब 6 लाख रुपए थी. जीतने तेज इन नकलचियों के दिमाग चलते हैं उससे राज्य की पुलिस भी हैरान थी. हालांकि राजस्थान पुलिस ने इस ब्लूटूथ चप्पल के जरिए नकल करने वाले सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा देने से पहले ही पकड़ लिया था.
Advertisement









