मध्य प्रदेश के सीधी में एक व्यक्ति पर स्कॉलरशिप का झांसा देकर 7 आदिवासी लड़कियों से रेप का आरोप लगा है. आरोपी आवाज बदलने वाले ऐप का इस्तेमाल कर खुद को महिला प्रोफेसर बताकर लड़कियों से बात करता था. पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.
फोन के ऐप से आवाज़ बदली, खुद को महिला प्रोफेसर बताया, फिर 7 लड़कियों से किया रेप
आरोपी ऐप का इस्तेमाल कर खुद को महिला प्रोफेसर बताकर लड़कियों से बात करता था. उसने यूट्यूब से इस ऐप का इस्तेमाल करना सीखा था.

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, सीधी के पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने बताया,
हमने आरोपी ब्रजेश प्रजापति और दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है. जिन्होंने पहली पीड़िता का फोन नंबर देकर आरोपी की मदद की थी. आरोपी ने ऐप स्टोर पर उपलब्ध आवाज बदलने वाले एक एप्लिकेशन का इस्तेमाल किया. और इसकी मदद से खुद को महिला प्रोफेसर बता कर इन छात्राओं को निशाना बनाया. सभी पीड़ित आदिवासी समुदाय से हैं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से ताल्लुक रखती हैं.
उन्होंने आगे बतााया कि अब तक चार महिलाएं सामने आई हैं. और आरोपी ने तीन अन्य महिलाओं के साथ रेप की बात कबूल की है. एक मामले में आरोपी ने एक महिला और उनकी नाबालिग बहन को बहला-फुसलाकर जंगल ले जाकर रेप किया. इस मामले में उसके खिलाफ पोक्सो एक्ट भी लगाया गया है. पुलिस ने 24 मई को प्रजापति की रिमांड समाप्त होने के बाद फिर से उसकी रिमांड मांगी है.
ये भी पढ़ें - ग्रेटर नोएडा पुलिस की हिरासत में रेप के आरोपी की मौत, पूरी चौकी सस्पेंड
सीधी पुलिस के मुताबिक, आरोपी एक मजदूर है जिसने यूट्यूब से इस ऐप का इस्तेमाल करना सीखा था. उसने सह-आरोपी राहुल प्रजापति और संदीप प्रजापति की मदद से पहली पीड़िता का फोन नंबर हासिल किया .
उसके बाद उसने पीड़िता को स्कॉलरशिप का झांसा देकर बुलाया. खुद को महिला प्रोफेसर बताते हुए उसने पीड़िता को बताया कि उसका बेटा उससे मिलेगा. और उसे उनके घर तक ले जाएगा जहां स्कॉलरशिप बांटी जाएगी. इसके बाद आरोपी पीड़िता को जंगल ले गया. और वहां उसने अपने परिवार की एक खाली झोपड़ी में उसके साथ रेप किया.
पुलिस ने दावा किया है कि जनवरी से ही ये घटनाएं हो रही हैं. दो पीड़िताओं के संपर्क करने के बाद पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई की. आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उसके कॉल डिटेल खंगाले और उन नंबरों को देखा, जिस पर उसने बार-बार कॉल किया था. इससे पुलिस को अन्य पीड़िताओं का पता लगाने में मदद मिली.
वीडियो: नोएडा पुलिस की कस्टडी में रेप के आरोपी की 'सुसाइड' से मौत, पूरी चौकी सस्पेंड











