The Lallantop

उज्जैन: महाकाल मंदिर में भस्म आरती के दौरान लगी आग, 13 लोग घायल

Ujjain के Mahakal Mandir की छत और दीवार पर चांदी की परत चढ़ी है. रंगों से दीवार को नुकसान ना हो, इसके लिए शिवलिंग के ऊपर प्लास्टिक का फ्लेक्स लगाया गया था.

Advertisement
post-main-image
आग पर काबू पा लिया गया है. (फाइल फोटो: इंडिया टुडे)

मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में उज्जैन के महाकाल मंदिर (Ujjain Mahakal Mandir) के गर्भगृह में आग लगने से 13 लोग घायल हो गए हैं. घटना के वक्त मंदिर में होली का जश्न चल रहा था. तभी भस्म आरती के दौरान आग लग गई. जिसमें पुजारी समेत कई और लोग भी घायल हो गए. घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आग पर काबू पा लिया गया है.

Advertisement

महाकाल मंदिर के पंडित आशीष पुजारी ने बताया है कि मंदिर में हर साल होली महोत्सव मनाया जाता है. परंपरा के अनुसार, आज भी सभी व्यवस्थाएं चल रहीं थीं. आरती के दौरान उस पर गुलाल पड़ा जिससे आग भभक उठी. उससे मंदिर में आरती करने वाले पुजारी- संजीव, विकाश, मनोज और मंदिर के सेवाधारी घायल हो गए हैं. जिला अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है.

आरती के वक्त किसी ने पीछे से पुजारी संजीव पर गुलाल फेंका था. जो आरती पर जाकर गिरा. आशीष पुजारी के अनुसार, गुलाल के केमिकल्स की वजह से आग तेज हो गई और 13 लोग झुलस गए.

Advertisement

ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, 8 महिलाओं सहित 14 की मौत, गोद भराई करके लौट रहे थे

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मंदिर के गर्भगृह की छत और दीवार पर चांदी की परत चढ़ी है. होली पर यहां गुलाल चढ़ाया जाता है और पुजारी भी एक-दूसरे पर रंग डालते हैं. इन रंगों से गर्भगृह की चांदी की परत वाली दीवार के खराब होने का खतरा था. इसलिए इस बार शिवलिंग के ऊपर प्लास्टिक का फ्लेक्स लगाया गया था. गुलाल के कारण आरती की थाली में जब आग बढ़ी तो वो इस प्लास्टिक के फ्लेक्स तक पहुंच गई. इसके बाद आग और तेज हो गई.

जांच के लिए कमेटी बनेगी

उज्जैन के कलेक्टर नीरज सिंह ने कहा है कि आग पर काबू पा लिया गया है. उन्होंने बताया कि अस्पताल में भर्ती घायलों में से कोई भी गंभीर हालत में नहीं है. सभी खतरे से बाहर हैं. सिंह ने कहा कि इस मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं. एक कमेटी इस मामले की जांच करेगी.

Advertisement

वीडियो: मध्य प्रदेश के डिंडौरी में पलटी वैन, गोद भराई करके लौट रहे 14 लोगों की मौत

Advertisement