तमिलनाडु का कृष्णागिरी ज़िला. यहां 25 मई को 40 बरस की एक महिला पर जानलेवा हमला हुआ था. उसके घर में ही उसके एक पहचान वाले ने सीने पर चाकू से हमला किया था. महिला के सीने पर 30 घंटे तक चाकू चुभा रहा, लेकिन गनीमत रही कि डॉक्टर्स के सफल ऑपरेशन ने महिला की जान बचा ली.
30 घंटे तक महिला के सीने में घुसा रहा छह इंच लंबा चाकू, फिर भी बच गई जान
हमला कुछ इस तरह हुआ था कि दिल बच गया.


'इंडिया टुडे' की रिपोर्टर शालिनी लोबो ने घटना के बारे में जानकारी दी. बताया कि कोयंबटूर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के डॉक्टर्स ने महिला की सर्जरी की. महिला के घरवाले घटना के तुरंत बाद उसे सालेम के सरकारी अस्पताल लेकर गए थे, जहां से उसे कोयंबटूर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था.
उन्होंने बताया कि चाकू छह इंच से ज्यादा लंबा था, हालांकि, चाकू से फेफड़ों के ही कुछ हिस्सों को चोट पहुंची थी, चाकू की नोक महिला के दिल तक नहीं पहुंच पाई थी. कोयंबटूर हॉस्पिटल के कार्डियोथोरेसिक सर्जरी डिपार्टमेंट के हेड डॉक्टर ई. श्रीनिवासन और अनेस्थिसियोलॉजी के हेड डॉक्टर जयशंकर नारायण ने मिलकर इस ऑपरेशन को लीड किया. सर्जरी के कुछ दिन बाद महिला को अस्पताल से डिस्चार्ज भी कर दिया गया, अभी वो खतरे से बाहर है.
वीडियो देखें: मीटिंग का हवाला देकर 14 साल के बच्चे को घर से जंगल ले गए, फिर हत्या कर शव के टुकड़े कर दिए



















