The Lallantop

ATM में पड़े कार्ड से बच्चे ने निकाले 25 हजार, फिर पिता ने जो किया, हर कोई तारीफ कर रहा है

MP के खरगोन में 16 साल के एक बच्चे ने लावारिश ATM कार्ड से 25 हजार रूपये निकाल लिए. दिलचस्प बात यह है कि दो बार की कोशिश में ही पासवर्ड मैच कर गया. घर आकर ये सारी बात उसने अपने पिता को बताई. उसके पिता ने तुरंत उसे थाने ले जाकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी.

Advertisement
post-main-image
16 साल के एक लड़के ने लावारिश ATM कार्ड से 25 हजार रूपये निकाल लिए. (तस्वीर: इंडिया टुडे)

मध्यप्रदेश के खरगोन में लावारिश पड़े ATM कार्ड से पैसे निकलने का दिलचस्प मामला सामने आया है. 16 साल के एक लड़के ने लावारिश ATM कार्ड से 25 हजार रूपये निकाल लिए. लड़का पैसे लेकर घर आया. उसने पूरी बात अपने पिता हेमराज को बताई. जानकारी मिलते ही हेमराज फौरन नजदीकी थाने पहुंचे. उन्होंने थाना इंचार्ज को मामले की जानकरी दी और पूरा कैश उन्हें सौंप दिया.

Advertisement

इंडिया टुडे से जुड़े उमेश रेवलिया की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला जिले के बड़वाह थाना इलाके का है. ATM पर छूटा कार्ड कंवर कॉलोनी निवासी योगेश यादव का है. दरअसल, योगेश 28 मई की रात लगभग 9:30 बजे जय स्तम्भ चौराहा पहुंचे थे. वहां इंडिया वन के ATM पर वे मिनी स्टेटमेंट लेकर बाहर निकले. तभी गलती से ATM कार्ड वहीं छूट गया. 

इसके कुछ देर बाद ही उन्हें खाते से पैसे निकलने के मैसेज मिले. पता चला कि खाते से 25,500 रूपये निकल गए हैं. जानकारी मिलते ही वो तुरंत ATM पहुंचे, लेकिन उन्हें ATM कार्ड नही मिला. इसके बाद योगेश ने पुलिस से संपर्क किया. पुलिस ने शिकायत दर्ज की और ATM की CCTV फुटेज चेक करने के लिए पुलिस की टीम भेजी. इसी दौरान हेमराज अपने बेटे और उसके दोस्त के साथ थाने पहुंचे और ATM से निकले कैश को पुलिस को सौंप दिया.

Advertisement

ये भी पढ़ें- पाकिस्तान के पूर्व मंत्री ने कहा - 'राहुल, केजरीवाल या ममता, जो नरेंद्र मोदी को हरा दे..'

हेमराज ने बताया,

"मैंने बेटे हर्ष को अपना ATM कार्ड देकर पैसे निकालने के लिए भेजा था. वो अपने दोस्त बादल के साथ इंडिया वन के ATM जय स्तम्भ चौराहा के पास पैसे निकालने गया. वहीं पर उसे एक ATM कार्ड गिरा हुआ मिला. इस कार्ड से उसने  25 हजार 500 रुपये निकाल लिए. जब वह घर आया तो उसने पूरा घटनाक्रम बताया. उसके बाद मैं अपने बेटे को और उसके दोस्त को साथ लेकर थाने आया. थाना प्रभारी से संपर्क किया. थाना प्रभारी ने शिकायतकर्ता योगेश यादव को बुलाकर उसके खाते से निकाले गए 25 हजार 500 रुपये दिलाए."

Advertisement

यह मामला किसी तरह के पासवर्ड क्रैक करने से नहीं जुड़ा है. कई रिपोर्ट्स में कहा गया है कि लड़के ने इंटरनेट पर वीडियो देखकर पासवर्ड क्रैक किया. इधर, एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कि पिन सही हो जाने के मामले में लड़का लकी रहा. उसने किसी तरह का कोड क्रैक नहीं किया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसने दो बार पिन डाला था. दूसरी बार में ये पिन मैच कर गया.

(ये स्टोरी हमारे साथ इंटर्नशिप कर रहे आनंद ने लिखी है.)

वीडियो: मदद के बहाने, एटीएम से पैसे निकाल रहे बुजुर्ग को लूटा

Advertisement