The Lallantop

केरल के वायनाड में लैंडस्लाइड से अब तक 54 लोगों की मौत, राहत बचाव में जुटे आर्मी और नेवी के जवान

Kerala के Wayanad में भारी बारिश की वजह से हुए लैंडस्लाइड में 54 लोगों की मौत हो गई है. लोगों को बचाने के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए सेना के साथ-साथ नेवी को भी उतार दिया गया है.

Advertisement
post-main-image
केरल में हुए लैंडस्लाइड में 100 से ज्यादा लोगों को फंसे होने की खबर (इंडिया टुडे)

केरल के वायनाड में भारी बारिश के चलते कई जगहों पर लैंडस्लाइड हुई है. इसमें 100 से ज्यादा लोगों के फंसे होने की खबर है. लोगों को बचाने के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज के मुताबिक अब तक 54 लोगों की मौत हो चुकी है. जानकारी के मुताबिक 30 जुलाई की भोर करीब 2 बजे पहली बार लैंडस्लाइड हुई. इसके बाद सुबह करीब चार बजकर 10 मिनट पर एक फिर लैंडस्लाइड हुई. राहत बचाव के लिए वायुसेना के दो हेलीकॉप्टर Mi-17 और एक ALH सुबह 7.30 बजे तमिलनाडु के सुलूर से रवाना किए गए हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

वायनाड में रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए NDRF और सेना की टुकड़ियां जुटी हुई हैं. अब राहत बचाव के लिए नेवी की भी मदद मांगी गई है. एझिमाला से नेवी की एक टीम वायनाड पहुंचेगी. मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के निर्देशानुसार नेवी की मदद मांगी गई है. 

सेना की टुकड़ी तैनात

Advertisement

इससे पहले हादसे की भयावहता देखते हुए सेना से रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद मांगी गई थी. जिसके बाद सेना की 4 टुकड़िया रेस्क्यू के लिए पहुंची हैं. इनमें 122 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना ) की दो टुकड़ियां और कन्नूर के DSC सेंटर की 2 टुकड़ियां शामिल हैं. बचाव अभियान के लिए अब तक तैनात सेना की कुल संख्या लगभग 225 है. जिसमें मेडिकल स्टाफ भी शामिल हैं.

पीएम ने किया मुआवजे का एलान

पीएम मोदी ने वायनाड में लैंडस्लाइड के कारण जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया है. इसके अलावा घायलों को 50 हजार रुपए देेने की घोषणा की गई है.

Advertisement

आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, लैंडस्लाइड में घायल होने वाले 16 लोगों को वायनाड के मेप्पाडी में एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं. उन्होंने कहा है कि वायनाड में लैंडस्लाइड के बाद राहत बचाव के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे. घटना के बारे में पता चलते ही सरकारी एजेंसियां बचाव अभियान में जुट गई हैं.

वायनाड में भूस्खलन के मद्देनजर, थामरसेरी दर्रे से होकर आवश्यक वाहनों के अलावा अन्य वाहनों के गुजरने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। सभी को दर्रे से होकर गुजरने के लिए तैयार रहना चाहिए, ताकि दर्रे में यातायात जाम न हो और बचाव सामग्री मुंडाकई तक पहुंचाई जा सके।

केरल के मुख्य सचिव वी वेणु ने स्थानीय चैनलों को बताया, 

रात करीब 2 बजे कम से कम 2 से 3 बार लैंडस्लाइड हुआ. इस समय कुछ प्रभावित क्षेत्रों से संपर्क टूट गया है. मौसम भी खराब है. इसलिए एनडीआरएफ की टीमें इनमें से कुछ प्रभावित क्षेत्रों में नहीं जा पाई हैं. सभी लोग अलर्ट पर हैं. हम अभी पता लगा रहे हैं कि कितने लोग फंसे हुए हैं. बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए लोगों को एयरलिफ्ट करने सहित सभी विकल्पों पर विचार किया जा रहा है.

वायनाड लैंडस्लाइड में हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, 

वायनाड के कुछ हिस्सों में लैंडस्लाइड से दुखी हूं. मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ है जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है. और घायलों के लिए प्रार्थना करता हूं. हादसे में प्रभावित लोगों की सहायता के लिए राहत बचाव अभियान चल रहा है. केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन से बात की है. और वहां की मौजूदा स्थिति को देखते हुए केंद्र से हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया है.

ये भी पढ़ें - झारखंड में हावड़ा-मुंबई एक्सप्रेस के 18 डिब्बे पटरी से उतरे, 2 लोगों की मौत, 20 घायल

लैंडस्लाइड के बाद CMO की तरफ से बयान जारी किया गया है. इसमें बताया गया है कि लैंडस्लाइड को देखते हुए थामरसेरी दर्रे से जरूरी वाहनों के अलावा दूसरे वाहनों के जाने पर रोक लगा दिया गया है.

केरल के वायनाड में हुए इस हादसे पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, 

मैं वायनाड में मेप्पाडी के पास हुए भीषण लैंडस्लाइड से बहुत दुखी हूं. मेरी हार्दिक संवेदनाएं उन परिवारों के साथ है जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है. मुझे उम्मीद है कि जो लोग अभी भी फंसे हुए हैं. उन्हें जल्द ही सुरक्षित निकाल लिया जाएगा.

उन्होंने आगे लिखा कि वायनाड के मुख्यमंत्री और जिला कलेक्टर से उनकी बात हुई है. और वे केंद्रीय मंत्रियों से बात कर वायनाड को हर संभव सहायता देने का अनुरोध करेंगे.

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने वायनाड में एक कंट्रोल रुम स्थापित किया है. आपातकालीन सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9656938689 और 8086010833 भी जारी किए गए हैं. 

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: केरल पहुंचे PM मोदी और राहुल गांधी, क्या-क्या मुद्दे उठाए?

Advertisement