'जब हम महागठबंधन में थे, तो नीतीश कुमार ने हमें अपनी पार्टी का विलय करने के लिए कहा था. इससे इनकार करने पर नीतीश ने कहा- तो बेहतर होगा कि आप बाहर चले जाएं.'
'HAM का विलय JDU में हो, नहीं तो बाहर जाइए...', मांझी ने नीतीश का बयान याद दिला NDA को नया सिरदर्द दे दिया!
Jitan Ram Manjhi ने कहा- Nitish Kumar ने 2015 में मेरी पार्टी का नेतृत्व करने की मेरी क्षमता पर सवाल उठाया था. लेकिन पार्टी अब फल-फूल रही है.


हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी (Jitan Ram Manjhi on Nitish Kumar) के इस बयान ने बिहार (Bihar) की सियासत में एक बार फिर गर्म हो गई है. BJP मांझी के इस बयान का बचाव करने में जुटी है, तो JDU कह रही है कि मांझी के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है. वहीं, RJD का कहना है कि NDA में जल्द ही भगदड़ मचने वाला है.
दरअसल, एक हालिया कार्यक्रम में जीतन राम मांझी ने कहा,
नीतीश कुमार ने 2015 में मेरी पार्टी का नेतृत्व करने की मेरी क्षमता पर सवाल उठाया था. उन्होंने मेरा मज़ाक उड़ाया था. उनका मानना था कि मैं पार्टी नहीं चला पाऊंगा, क्योंकि मेरे पास धन बल नहीं है. लेकिन मेरी पार्टी अब फल-फूल रही है और मुझे केंद्रीय मंत्री का पद दिया गया है. हम और मजबूत होते जा रहे हैं.
इसी कार्यक्रम में उन्होंने नीतीश कुमार के JDU में विलय करने की बात भी दोहराई. अब मांझी के इस बयान पर NDA के उनके सहयोगी दलों JDU और BJP की भी प्रतिक्रिया आई है. आजतक से जुड़े शशि भूषण कुमार की ख़बर के मुताबिक़, BJP ने मांझी के बयान का बचाव किया है.
BJP के प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल का कहना है कि कोई भी पार्टी बनती है, तो वो चलती ही है. उन्होंने कहा-
मांझी केंद्र में मंत्री हैं, उनका बेटा बिहार सरकार में मंत्री है. मांझी को NDA में रहने का फ़ायदा मिला है. पार्टी बिहार में सर्वाइव कर रही है. हम आशा करते हैं, वो आगे भी NDA में रहेंगे. इससे उनकी पार्टी और गठबंधन दोनों मजबूत होंगे.
वहीं, मांझी के बयान पर JDU का कहना है कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है. JDU के प्रदेश प्रवक्ता अंजुम आरा ने कहा कि मांझी ने मुख्यमंत्री बनाने के लिए नीतीश कुमार का आभार भी जताया. सबको अपने विचार ज़ाहिर करने का अधिकार है, लेकिन 2025 विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे का फ़ैसला NDA के शीर्ष नेतृत्व द्वारा मिल बैठकर ही तय होगा.
ये भी पढ़ें - बिहार में 12 पुल ढहने की वजह पता चल गई, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने खुद बताया
इस बयानबाजी पर RJD की तरफ़ से भी प्रतिक्रिया आई है. मामले में RJD ने BJP और JDU को निशाने पर लिया है. RJD प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि
NDA में दलों ने हाथ और गला तो मिलाया, लेकिन दिल अभी भी नहीं मिले हैं. NDA में ‘ऑल इज़ नॉट वेल’ है. सभी एक दूसरे को नीचा दिखाने में लगे हैं. अंदर सिर फुटौवल है, जल्द ही इन पार्टियों में भगदड़ मचेगी. साथ ही, RJD की तरफ़ से विधानसभा चुनाव में मांझी की पार्टी की तरफ़ से 25 सीटें मांगने का समर्थन किया गया है.
बताते चलें, 2014 में जीतन राम मांझी बिहार के 23वें मुख्यमंत्री बने थे. लेकिन नीतीश कुमार से उनकी अनबन शुरू हुई. मांझी पर नीतीश कुमार की वापसी के लिए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के दबाव बनाया गया. बाद में मामला इतना बढ़ा कि जीतन राम मांझी को इस्तीफ़ा देना पड़ा. साथ ही, विरोध स्वरूप उन्होंने नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली JDU छोड़ा और मई 2015 में उन्होंने HAM नामक पार्टी बनाई थी.
वीडियो: CM नीतीश कुमार ने जीतन राम मांझी पर खोला राज, कहा- 'विलय करो या बाहर जाओ'



















