The Lallantop

रायपुर के महंगे होटल में पहुंचे JMM के विधायक, सोरेन बोले- तरीके से जवाब दिया जाएगा

हेमंत सोरेन की विधायकी जाने की अटकलों के बीच झारखंड में विधायकों की खरीद-फरोख्त की आशंका जताई जा रही है.

Advertisement
post-main-image
छत्तीसगढ़ के मेफेयर गोल्ड रिसॉर्ड में बैठे झारखंड के विधायक. (फोटो: इंडिया टुडे)

झारखंड (Jharkhand) में विधायकों की खरीद-फरोख्त होने के अटकलों के बीच सत्ताधारी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) अपने, कांग्रेस और राजद के विधायकों को लेकर रायपुर पहुंच गई है. इन विधायकों से किसी और पार्टी के नेता संपर्क न कर पाएं, इसके चलते इन्हें छत्तीसगढ़ की राजधानी के महंगे होटल मेफेयर गोल्ड रिसॉर्ट में ठहराया गया है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, इस होटल के पूरे क्षेत्र को 'हाई-सिक्योरिटी जोन' घोषित कर दिया गया है और इस इलाके में भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

JMM ने ये कदम ऐसे समय पर उठाया है, जब चुनाव आयोग ने झारखंड के गवर्नर रमेश बैस को भेजे अपने पत्र में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) की विधायकी समाप्त करने की सिफारिश की है. सोरेन पर आरोप है कि उन्होंने अवैध तरीके से खनन लीज को अपने नाम पर आवंटित करा लिया था. 

इसी संबंध में आयोग ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि उन्होंने चुनाव नियमों का उल्लंघन किया है, इसलिए उन्हें विधायक के पद से हटाया जाए. हालांकि, अभी तक गवर्नर बैस ने कोई निर्णय नहीं लिया है.

Advertisement

इसी संकट से बचने के लिए अब JMM अलग-अलग रास्ते तलाश रही है. पार्टी को इस बात का डर है कि अगर हेमंत सोरेन की विधायकी खत्म की जाती है, तो दूसरी पार्टी के नेता उनके विधायकों से संपर्क कर उन्हें ‘खरीद’ सकते हैं, जिससे राज्य की सरकार गिर जाएगी.

Hemant Soren ने दिया जवाब

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक हेमंत सोरेन ने रांची एयरपोर्ट पर पत्रकारों से कहा, 

'कोई अनहोनी नहीं होगी. हर परिस्थिति का सामना करने के लिए सत्ता पक्ष तैयार है. रणनीति के तहत कार्य किए जा रहे हैं. उसी रणनीति की छोटी सी झलक पहले और आज सभी ने देखी, आगे भी कई चीजें देखने को मिलेंगी. राज्य में साजिश रचने वालों को तरीके से जवाब दिया जाएगा.'

Advertisement

उन्होंने आगे कहा, 

'हम हर चीज के लिए तैयार हैं, स्थिति हमारे नियंत्रण में है. मैं विधायकों के साथ जाऊंगा या नहीं ये मैं बाद में बता दूंगा.'

हालांकि कुछ देर बाद वो एयरपोर्ट से चले गए थे.

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक JMM, कांग्रेस और RJD की गठबंधन सरकार ने बीजेपी पर आरोप लगाया है कि वो संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है और झारखंड की चुनी हुई सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है. वहीं बीजेपी का कहना है कि कानून अपना काम कर रहा है.

झारखंड: लड़की के प्रपोजल रिजेक्ट करने पर लड़के ने उसे जिंदा जलाया

Advertisement