जम्मू के सिधरा इलाके में 2 घरों से 6 शव मिले हैं. बताया जा रहा है कि मरने वालों में एक महिला, उसकी दो बेटियां, एक बेटा और 2 रिश्तेदार शामिल हैं. इन लोगों की मौत कैसे हुई, अभी इसका पता नहीं लग पाया है. हालांकि, पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
जम्मू के 2 घरों में एक ही परिवार के 6 लोगों के शव मिले, SIT करेगी जांच
मरने वालों में एक महिला, उसकी दो बेटियां, एक बेटा और उसके 2 रिश्तेदार शामिल


आजतक से जुड़े सुनील जी भट्ट के मुताबिक सिधरा पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया,
थाने में मंगलवार, 16 अगस्त को रात करीब 10 बजे श्रीनगर से एक शहज़ादा नाम की महिला ने फोन कॉल किया था. उसी महिला ने मामले की जानकारी दी. महिला ने बताया कि उसका भाई नूर-उल-हबीब फोन रिसीव नहीं कर रहा है. महिला ने आत्महत्या का शक जाहिर किया. इस जानकारी के बाद सिधरा पुलिस स्टेशन और नगरोटा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. घर का दरवाजा अंदर से बंद था. घर से दुर्गंध आ रही थी, जिसके बाद घर के दरवाज़े को तोड़ पुलिस भीतर गई, जहां परिवार वालों के को शव मिले.
पुलिस के मुताबि़क़ इस घर में नूर-उल-हबीब, सज्जाद अहमद, सकीना बेगम और सकीना की बेटी नसीमा अख़्तर के शव मिले. जांच के दौरान आसपास के लोगों से पता चला कि सकीना बेगम का घर यह नहीं दूसरा है, जो कि उसी मोहल्ले में कुछ दूरी पर स्थित है. इसके बाद पुलिस की एक टीम सकीना बेगम के घर पहुंची, तो वहां पर 2 शव और बरामद हुए. ये शव सकीना बेगम के बेटे जफर सलीम और दूसरी बेटी रुबीना बानो के थे.
जम्मू पुलिस ने बताया कि सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में भेज दिया है. हालांकि, अभी पुलिस ने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया है. उसका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह सामने आएगी. जम्मू पुलिस ने मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में 4 सदस्यीय एसआईटी का गठन किया है.
वीडियो देखें: कांग्रेस ने आजाद को जम्मू-कश्मीर कैंपेन कमेटी का अध्यक्ष बनाया, उन्होंने कुछ ही घंटों में इस्तीफा दे दिया




















