The Lallantop

कार पार्किंग पर विवाद, 20 मीटर तक बोनट पर घसीटा, IT मैनेजर की मौत

Gurugram, Haryana: आरोपी ने IT मैनेजर को कार से टक्कर मारी और 20 मीटर तक कार की बोनट पर घसीटा.

Advertisement
post-main-image
31 साल के IT मैनेजर की मौत हो गई है. (सांकेतिक तस्वीर: PTI)

हरियाणा के गुरुग्राम में कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद में एक IT कंपनी के मैनेजर (IT manager dead in Gurugram) की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, झगड़े के बाद 31 साल के मैनेजर और उनके भाई पर गाड़ी चढ़ा दी गई थी. कार के बोनट पर उन्हें 20 मीटर की दूरी तक घसीटा गया. इस घटना में IT मैनेजर की मौत हो गई और उनके भाई की हालत गंभीर बताई जा रही है. मृतक के भाई का इलाज चल रहा है.

Advertisement

न्यूज एजेंसी PTI की एक रिपोर्ट के अनुसार, घटना 12 मई की देर रात को सोहना रोड स्थित साउथ सिटी 2 में हुई है. मृतक IT मैनेजर का नाम ऋषभ है और उनके छोटे भाई का नाम रंजक है. रात के करीब 11:30 बजे ऋषभ का एक सहयोगी कैब लेकर उनके घर पहुंचा था. ड्राइवर ने कैब को ऋषभ के पड़ोसी मनोज भारद्वाज के घर के सामने पार्क कर दिया. इसको लेकर मनोज और ऋषभ के सहयोगी के बीच बहस हो गई.

ये भी पढ़ें: यूपी के हापुड़ में ट्रक से टकराई कार, 6 लोगों की मौके पर ही मौत

Advertisement

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बहस के दौरान ही IT मैनेजर अपने भाई रंजक, अपनी मां और अपनी पत्नी के साथ रात का खाना खाकर घर लौटा. इसके बाद ऋषभ और मनोज के बीच विवाद शुरू हो गया. विवाद बढ़ने पर मनोज ने अपने कुछ दोस्तों को बुला लिया और सभी ने मिलकर दोनों भाइयों की पिटाई कर दी.

आरोप लगा कि मनोज अपनी हुंडई क्रेटा में सवार हुआ और दोनों भाइयों को टक्कर मार दी. इसके बाद दोनों भाइयों को कार के बोनट पर लगभग 20 मीटर तक घसीटा. पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई. इस दौरान रंजक एक तरफ गिर गया. लेकिन IT मैनेजर कार के नीचे आ गया. इलाज के लिए ऋषभ को अस्पताल ले जाया गया. जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.

सेक्टर 50 थाने में मनोज भारद्वाज और अन्य के खिलाफ IPC की धारा 302 (हत्या), 307 (हत्या का प्रयास) और 34 (सामान्य इरादा) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. SHO सत्यवान ने कहा है कि इस मामले में छापेमारी की जा रही है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Advertisement

वीडियो: हरियाणा बस हादसा: नशे की हालत में पकड़ा गया था ड्राइवर, फिर प्रिंसिपल ने वापस दिला दी थी गाड़ी की चाबी!

Advertisement