इरफान ने हॉलीवुड में भी कमाल की फिल्में कर ऱखी हैं.
एक्टर इरफान का 53 साल की उम्र में निधन हो गया. मुंबई में उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके जाने पर पूरा फिल्म जगत उदास है. उन्होंने भारत से बाहर भी अपनी एक्टिंग का जलवा दिखाया था. जुरासिक वर्ल्ड, इंफर्नो, द अमेजिंग स्पाइडरमैन, लाइफ ऑफ पाई, अ माइटी हार्ट, द वॉरियर, द नेमसेक उनकी विदेशी फिल्मों के नाम हैं. इनके जरिए इरफान ने दुनिया के दूसरे देशों में अपनी छाप छोड़ी. कई विदेशी कलाकारों ने भी इरफान के निधन पर शोक जताया है. ब्रिटिश फिल्ममेकर आसिफ कपाड़िया ने इरफान की 20 साल पुरानी फोटो पोस्ट की. यह फोटो 'द वॉरियर' फिल्म के समय की है. इसे कपाड़िया ने ही बनाया था. उन्होंने ट्वीट कर लिखा
बहुत सारा प्यार भाई
जुरासिक वर्ल्ड के डायरेक्टर कोलिन ट्रेवोरो ने लिखा
इरफान खान को खोने का बहुत दुख है. एक सोचने-समझने वाला शख्स जो अपने आसपास की दुनिया में दर्द के समय भी खूबसूरती ढूंढ़ लेता था. हमारी आखिरी बातचीत में उसने मुझसे बुरे समय में भी हमारे होने के शानदार नजरिए को याद रखने को कहा था. यहां देखिए उसे, हंसते हुए.
राइज़ ऑफ द गार्डियंस और स्पाइडर मैन: इंटू द स्पाइडरवर्स के निर्देशक पीटर रामसे ने कहा
मैं हैरान हूं. वह कितने जबरदस्त एक्टर थे. रेस्ट इन पीस इरफान
द रिलक्टेंट फंडामेंटलिस्ट जैसी फिल्म में काम कर चुके रिज अहमद ने लिखा
हमारे समय के महानतम कलाकारों में से एक इरफान खान को शांति मिले. मैं उनसे कभी नहीं मिला लेकिन वह इंस्पायर करते थे. और मेरे और लाखों लोगों के हीरो थे. उनका लगातार कमाल का काम कर रहे थे. हम जैसे कई लोगों के लिए वह मार्गदर्शक थे.
फिल्ममेकर एवा डुवर्ने ने लिखा
इरफान खान की फैन हूं. इतनी जल्दी चले गए. जब वह स्क्रीन पर होते थे तो उनसे आंखें नहीं हटा सकते थे. वह फिल्मों से जिंदा हैं.
मशहूर खेल कमेंटेटर एलन विलकिंस ने भी इरफान के जाने पर शोक जताया. उन्होंने लिखा दुखद खबर है कि भारत के बेस्ट एक्टर्स में से एक इरफान खान गुज़र गए हैं. मुझे उनकी एक्टिंग मंत्रमुग्ध कर देती थी. ए माइटी हार्ट में उनका रोल जबरदस्त था. एक जिंदगी काफी पहले चली गई.
Video: मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती इरफ़ान का निधन