बीते चार आईपीएल मैचों में एक अलग हार्दिक पंड्या दिखा है. मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड लेते हुए हार्दिक ने जो कहा उससे साफ है कि इस खिलाड़ी के दिमाग में चल क्या रहा है. हार्दिक बोले- टीम की जीत में योगदान देकर अच्छा लगा. मैंने पिछले 7 महीनों में बहुत कम मैच खेले हैं. मगर मैंने नेट्स में सिर्फ और सिर्फ बैटिंग की है. मैं हर दिन अपने गेम में सुधार ला रहा हूं. अब इस तरह से बल्लेबाजी करके जब आपकी टीम जीतती है तो अच्छा लगता है. मैं चोट के चलते पहले बाहर रहा और फिर दूसरे विवाद खड़े हो गए. मैं ये मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड अपने परिवार और दोस्तों को समर्पित करता हूं जो मेरे साथ हमेशा खड़े रहे. अब मेरा फोकस सिर्फ आईपीएल खेलने और वर्ल्ड कप में इंडिया की जीत पक्की करने पर रहेगा."

धोनी भी अपनी हंसी रोक नहीं पाए.
हार्दिक पंड्या की इस आखिरी लाइन पर ध्यान देने की जरूरत है. पंड्या को ये भरोसा है कि वो वर्ल्ड कप का हिस्सा होंगे और दूसरी बात ये कि उन्हें अपने पर कॉन्फिडेंस भी है. बीते चार मैचों में से तीन में हार्दिक का बल्ला टीम के काम आया है. दिल्ली के खिलाफ सीजन के तीसरे आईपीएल मैच को छोड़ दें तो पंड्या का बल्ला मस्त चला है. बस उसमें वो 0 पर आउट हो गए थे. उसके बाद आरसीबी के खिलाफ 14 गेदों पर 32 रन मारे. तीन छक्के और दो चौके जड़े. इसके बाद पंजाब के खिलाफ पंजाब के खिलाफ नौवें मैच में 19 गेंदों पर 31 रन बनाए. तीन चौके और एक छ्क्का उस पारी में था. और अब चेन्नई के खिलाफ 8 गेंदों में 25 रन और तीन विकेट भी.
पंड्या की जबरदस्त हिटिंग इस आईपीएल का खास आकर्षण रहा है. इन तीन मैचों में पंड्या ने 7 छक्के मारे हैं और सभी मजेदार रहे हैं. मगर एक चीज सबने नोटिस की और वो है हार्दिक पंड्या का हेलीकॉप्टर शॉट. चेन्नई के खिलाफ पारी के 20वें ओवर की चौथी गेंद पर हार्दिक ने हेलीकॉप्टर शॉट मारा और उस वक्त धोनी विकेट के पीछे खड़े थे. हार्दिक ने छक्का कनेक्ट करते ही स्वैग में हाथ हिलाया और फिर धोनी की तरफ देखकर मुस्कुराए जिसपर धोनी भी हंसे बिना नहीं रह सके. मैच के बाद एक इंटरव्यू में हार्दिक ने कहा कि वो धोनी का ये शॉट कॉपी करने की कोशिश कर रहे हैं और कल जैसे ही ये शॉट कनेक्ट हुआ तो मेरा ध्यान इस बात पर था कि क्या धोनी ने नोटिस किया या नहीं. साथ ही हार्दिक इस बात के भी इंतजार में थे कि कहीं धोनी उनके पास आकर कहेंगे कि- बढ़िया शॉट मारा.
सुनिए हार्दिक क्या कह रहे हैं-
जो भी हो हार्दिक की ये फॉर्म इंडिया के बड़े काम आने वाली है. वर्ल्ड कप में हार्दिक पंड्या इंडिया के लिए तुरुप का इक्का साबित होंगे क्योंकि गेंद और बल्ले दोनों से वो इंग्लैंड की पिचों में कमाल कर सकते हैं.
IPL पर लल्लनटॉप वीडियो भी देखें-













